Shimla News: हिमाचल प्रदेश में मॉनसून की रफ्तार पकड़ने के बाद बारिश का दौर जारी है। राजधानी शिमला समेत कई इलाकों में मंगलवार रात से बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने 28 जुलाई तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी देते हुए अलर्ट जारी किया है।
बुधवार के लिए कांगड़ा और मंडी जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। वहीं चंबा, कुल्लू, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में येलो अलर्ट रहेगा। पिछले 24 घंटों में सबसे ज्यादा 117.5 मिमी बारिश शिमला के मशोबरा में दर्ज की गई। इसके अलावा नैना देवी में 106.4 मिमी बारिश हुई।
बारिश और भूस्खलन से 150 सड़कें बंद
लगातार हो रही बारिश के कारण प्रदेश भर में भूस्खलन से करीब 150 सड़कें बंद हो गई हैं। प्रशासन सड़कों को बहाल करने में जुटा हुआ है। शिमला के टूटीकंडी में मकानों पर पेड़ गिर गए, हालांकि लोग समय रहते बाहर निकल आए। वहीं कांग्रेस कार्यालय के पास पहाड़ी से पत्थर गिर रहे हैं।
कांगड़ा जिले की बोह घाटी में बादल फटने से तबाही मची है। वहां रूलेहड़, बंगार, गढ़गूंन और स्पैड़ा गांवों में 18 मकान, 9 गोशालाएं और एक स्कूल भवन मलबे में दब गए। हादसे में तीन महिलाएं घायल हुई हैं और नौ मवेशियों की मौत हुई है। राहत कार्य तेजी से चल रहा है।
कुल्लू में स्कूल बंद और सिरमौर के हालात
कुल्लू जिले के आनी, बंजार और निरमंड उपमंडलों में मूसलधार बारिश के चलते बुधवार को सभी स्कूल, कॉलेज और आंगनवाड़ी केंद्र बंद रखे गए हैं। दूसरी ओर, सिरमौर जिले में 17 सड़कें प्रभावित हैं। दो दिन बंद रहने के बाद आज से वहां शिक्षण संस्थान दोबारा खुल गए हैं।