Solan News: हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से जनजीवन बेहाल हो गया है। सोलन जिले में नालागढ़-रामशहर मार्ग पर भारी लैंडस्लाइड से सड़क 15 फीट नीचे धंस गई। वहीं सिरमौर में देहरादून-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। कांगड़ा में बीती रात एक मकान गिर गया, जिससे पीड़ित का सब कुछ तबाह हो गया।
सोलन जिले के बद्दी में कुमारहट्टी के पास भारी बारिश से सड़क का 100 मीटर हिस्सा 15 फीट तक नीचे धंस गया है। इस कारण नालागढ़-रामशहर मार्ग पर गाड़ियों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है। पिछले साल भी इसी जगह पर भूस्खलन हुआ था, जिससे भारी नुकसान पहुंचा था।
भूस्खलन के कारण होमटाउन रिजॉर्ट के पास स्थित चिकनी खड्ड पूरी तरह बंद हो गई है। खतरे को देखते हुए पास बने बलबीर के मकान को तुरंत खाली करा लिया गया है। एसडीएम नालागढ़ नरेंद्र आहलुवालिया ने बताया कि पीडब्ल्यूडी और एनडीआरएफ की टीमें मौके का निरीक्षण कर सड़क बहाली के प्रयास करेंगी।
सिरमौर जिले में मूसलाधार बारिश से देहरादून-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे (एनएच-07) का बड़ा हिस्सा टूट गया है। हादसे की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने भारी वाहनों की एंट्री पर रोक लगा दी है। अब डबल-एक्सल ट्रक, टिपर और डंपर जैसे भारी वाहनों को हरियाणा के खिजराबाद मार्ग से भेजा जा रहा है।
कांगड़ा जिले के नूरपुर स्थित जड़ा गांव में बीती रात तेज बारिश के दौरान मांगों राम का मकान ढह गया। गनीमत रही कि दीवारों से ईंटें गिरते देख उन्होंने समय रहते भागकर जान बचाई। बीपीएल परिवार के मांगों राम का सारा सामान मलबे में दब गया है और अब उनके पास रहने का संकट खड़ा हो गया है।