हिमाचल प्रदेश में मानसून पड़ा धीमा, 7 दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी नहीं, 92 सड़कें अभी भी बाधित

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश में मानसून की रफ्तार अब धीमी पड़ गई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 5 से 11 सितंबर तक राज्य में भारी बारिश की कोई चेतावनी नहीं है। हालांकि, पिछले 24 घंटों में कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है।

प्राकृतिक आपदाओं के कारण राज्य में बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। इस मानसून सीजन में 144 पक्के और 333 कच्चे समेत कुल 477 मकान पूरी तरह से नष्ट हो गए हैं। इसके अलावा 1,068 मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। प्रशासन सड़कों, पानी और बिजली की बहाली में जुटा है।

राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की 30 जून से 4 सितंबर 2026 तक की रिपोर्ट के मुताबिक, विभिन्न प्राकृतिक हादसों में 108 लोगों की जान गई है। वहीं सड़क दुर्घटनाओं में 159 लोगों की मौत हुई है। लोक निर्माण, जल शक्ति और बिजली विभाग को कुल 1237.15 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश में बंद सड़कों की संख्या बढ़कर 92 हो गई है। मंडी जिले में सबसे ज्यादा 47 और कुल्लू में 22 सड़कें प्रभावित हैं। इसके अलावा 44 बिजली ट्रांसफार्मर ठप हैं, जबकि हमीरपुर, सोलन, चंबा और शिमला में कुल 25 पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं।

पिछले 24 घंटों में धर्मशाला में सबसे ज्यादा 30.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। बीबीएमबी बिलासपुर में 21.4 मिमी, रायपुर मैदान में 18 मिमी और जोत में 12.6 मिमी वर्षा हुई। तापमान की बात करें तो बिलासपुर 32.5 डिग्री के साथ सबसे गर्म और केलंग 11 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडा रहा।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News