कांगड़ा के लंबागांव में 16 वर्षीय छात्र अभिलाष की संदिग्ध मौत पर हंगामा, परिजनों ने थाने का घेराव कर लगाया चक्का जाम

Share

- Advertisement -

Kangra News: हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा स्थित लंबागांव में 16 वर्षीय लापता छात्र अभिलाष की मौत के बाद भारी हंगामा खड़ा हो गया है। परिजनों और स्थानीय लोगों ने इंसाफ की मांग को लेकर लंबागांव थाने का घेराव किया और चक्का जाम कर दिया। सोल बनेहड़ पंचायत के इस छात्र ने अस्पताल में दम तोड़ा।

अभिलाष पुत्र संजय चौधरी 11वीं कक्षा का छात्र था। वह 27 अगस्त की शाम चार बजे घर से अपर लंबागांव में ट्यूशन पढ़ने गया था, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने तलाश के बाद लंबागांव थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।

अपर लंबागांव में बदहवास हालत में मिला था छात्र

28 अगस्त को अपर लंबागांव के एक युवक ने पलाहनिया मोड़ के पास अभिलाष को देखा। युवक ने अभिलाष को पहचानकर पड़ोसी को खबर दी, जिन्होंने परिजनों को सूचित किया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने पाया कि अभिलाष के पैरों में चप्पल नहीं थी और वह बेहद बदहवास स्थिति में था।

वह न तो ठीक से चल पा रहा था और न ही बोल पा रहा था। परिजन तुरंत उसे नागरिक अस्पताल जयसिंहपुर ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर हालत को देखते हुए उसे डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा रेफर कर दिया।

इलाज के दौरान मौत, पुलिस जांच में जुटी

टांडा अस्पताल में इलाज के दौरान रविवार सुबह अभिलाष की मौत हो गई। पुलिस को दिए बयान में अभिलाष ने बताया था कि दो अज्ञात लोग उसे ट्राले में ले गए थे और कुछ जहरीला या संदिग्ध पदार्थ पिलाकर छोड़ गए थे। उसे उन लोगों की पहचान नहीं थी।

डीएसपी बैजनाथ संदीप शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। छात्र की मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News