हिमाचल पुलिस में तीन साल कांस्टेबल रहे विकास गुलेरिया बने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट, कांगड़ा के छोटे से गांव में जश्न

Share

- Advertisement -

Kangra News: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले स्थित फतेहपुर के पट्टा जटियां गांव के विकास गुलेरिया ने कमाल कर दिखाया है। पुलिस में तीन साल तक कांस्टेबल के पद पर सेवाएं देने के बाद विकास भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बने हैं। ओटीए चेन्नई से पास आउट होकर गांव लौटने पर उनका जोरदार स्वागत किया गया।

वर्ष 2022 में पुलिस विभाग में कांस्टेबल पद पर भर्ती हुए विकास ने तीन साल तक नौकरी की। पुलिस सेवा में रहते हुए भी उनका सेना में अफसर बनने का सपना कायम रहा। कड़ी मेहनत के दम पर उन्होंने ओटीए चेन्नई से कमीशन प्राप्त किया और अब वे सेना में अफसर बन गए हैं।

विकास गुलेरिया की शुरुआती पढ़ाई फतेहपुर क्षेत्र में ही हुई है। उन्होंने देहरी से दसवीं, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल राजा का तालाब से 12वीं और देहरी कॉलेज से ग्रेजुएशन किया। उनके पिता विभीषण सिंह एक प्राइवेट जॉब करते हैं और माता मीनू देवी गृहिणी हैं। बेटे की इस कामयाबी से पूरे परिवार का सिर गर्व से ऊंचा हो गया है।

विकास ने बताया कि पुलिस में नौकरी करते हुए भी उनका लक्ष्य बिल्कुल साफ था। आज सपना पूरा होने पर उन्हें बेहद गर्व महसूस हो रहा है। उन्होंने क्षेत्र के युवाओं को नशे की लत से दूर रहने, अनुशासन का पालन करने और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत करने का संदेश भी दिया है।

पिता विभीषण सिंह का कहना है कि जब विकास ने सेना में जाने की बात कही, तो पूरे परिवार ने उसका हौसला बढ़ाया। माता मीनू देवी ने कहा कि बेटे को सेना की वर्दी में देखकर बहुत खुशी हो रही है। पट्टा जटियां गांव में उत्सव जैसा माहौल है और लोग विकास के घर पहुंचकर बधाई दे रहे हैं।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News