Shimla News: हिमाचल प्रदेश के सीबीएसई स्कूलों के विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए नया ड्रेस कोड और यूनिफॉर्म तय कर दिया गया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस पर फैसला हुआ। इसके साथ ही स्कूल भवनों की रंग योजना भी निर्धारित की गई है, जिससे एक समान पहचान मिलेगी।
बैठक में तय हुआ कि विद्यार्थियों की यूनिफॉर्म हरे रंग की थीम पर आधारित होगी। महिला शिक्षिकाओं के लिए हल्का लाइलैक (बैंगनी) रंग और पुरुष शिक्षकों के लिए हल्की नीली पैंट-शर्ट निर्धारित की गई है। स्कूल इमारतों को ऑलिव ग्रीन और सैंड बेज रंग दिया जाएगा। शिक्षकों के लिए ड्यूटी के दौरान पहचान पत्र पहनना अनिवार्य रहेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि घर के पास गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए 80 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। इसके अलावा ढांचागत सुधार के लिए 5 करोड़ रुपये अतिरिक्त दिए जाएंगे। बैठक में विधायक सुरेश कुमार, चंद्र शेखर, नीरज नैय्यर, विनियामक आयोग के सदस्य विजय पाल सिंह, शिक्षा सचिव राकेश कंवर और निदेशक आशीष कोहली मौजूद रहे।
प्रदेश के 150 सीबीएसई स्कूलों में अब दिन में तीन बार हाजिरी लगेगी। सुबह स्कूल पहुंचने पर, लंच ब्रेक के समय और छुट्टी के वक्त उपस्थिति दर्ज होगी। शिक्षकों के लिए ड्रेस कोड 1 अक्तूबर से लागू होगा। ड्रेस खरीदने के लिए उन्हें 5,000 रुपये की विशेष वित्तीय मदद दी जाएगी।
सीबीएसई स्कूलों में लगभग 1,200 शिक्षकों की नियुक्ति हो चुकी है और आगे भी नई भर्तियां की जाएंगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार सीबीएसई स्कूलों में सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए अतिरिक्त 80 करोड़ रुपये उपलब्ध करवाएगी। इस फैसले से प्रदेश के सरकारी शिक्षा तंत्र में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।
Share
- Advertisement -
Read more