Shimla News: हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट बदल ली है और राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। रोहतांग दर्रे, मरही और सिरमौर-शिमला सीमा पर स्थित प्रसिद्ध चूड़धार धाम में ताजा बर्फबारी दर्ज की गई है। इस बदलाव के बाद पहाड़ों ने सफेद चादर ओढ़ ली है, जिससे तापमान में भारी गिरावट आई है और पूरे प्रदेश में ठंड बढ़ गई है।
रोहतांग और चूड़धार में सीजन की पहली बर्फ
मनाली के ऊपरी इलाकों में मौसम का मिजाज बदलने से रोहतांग दर्रे और मरही में ताजा बर्फबारी हुई है, जिससे मनाली और लाहौल-स्पीति के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड शुरू हो गई है। वहीं, करीब 12 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित चूड़धार धाम में भी इस सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की गई है। शिरगुल महाराज मंदिर के आसपास की पहाड़ियां बर्फ से ढक चुकी हैं और पाला गिरने का सिलसिला भी शुरू हो गया है, जिससे क्षेत्र में ठंड का असर काफी बढ़ गया है।
निचले इलाकों में शीतलहर और पारा माइनस में
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हुई इस बर्फबारी का असर अब निचले इलाकों में भी दिखने लगा है। कई जगहों पर शीतलहर चलने लगी है। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार आज कुछ क्षेत्रों में हल्का मौसम खराब रह सकता है, लेकिन कोई बड़ा अलर्ट जारी नहीं किया गया है। बीते 24 घंटों के दौरान कुकुमसेरी सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि ऊना में अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना है, जिसके चलते मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।