हिमाचल प्रदेश में छात्रों के लिए बड़ी राहत: 20 लाख तक के शिक्षा ऋण पर खत्म हुई मार्जिन मनी और गारंटी की शर्त

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश सरकार ने डॉ. वाईएस परमार विद्यार्थी ऋण योजना के नियमों में बड़ा बदलाव किया है। अब 20 लाख रुपये तक के शिक्षा ऋण पर मार्जिन मनी की शर्त समाप्त कर दी गई है और छात्रों को इस सीमा तक लोन लेने के लिए कोई संपत्ति गिरवी नहीं रखनी होगी।

ब्याज दर और ऋण चुकाने की शर्तें

संशोधित नियमों के अनुसार, शिक्षा ऋण पर सालाना ब्याज दर 8 प्रतिशत निर्धारित की गई है। पढ़ाई के दौरान और उसके बाद के 3 वर्षों तक विद्यार्थियों को सालाना केवल 1 प्रतिशत ब्याज देना होगा, जबकि शेष 7 प्रतिशत ब्याज का बोझ राज्य सरकार द्वारा उठाया जाएगा। इस अवधि के समाप्त होने के बाद मूलधन और लागू ब्याज की अदायगी शुरू होगी। सरकार ने ऋण चुकाने के लिए अधिकतम 15 वर्ष की अवधि तय की है।

इस योजना का लाभ लेने वाले विद्यार्थियों के लिए अभिभावक या संरक्षक की सह-जिम्मेदारी (को-बोर्रोवर) अनिवार्य कर दी गई है, जो विद्यार्थी के नाबालिग या बालिग होने दोनों स्थितियों में लागू होगी। इसके अलावा, जीवन बीमा का प्रीमियम विद्यार्थी को स्वयं चुकाना होगा, जिसे निर्धारित ऋण सीमा के भीतर शामिल किया जा सकता है।

विदेशी संस्थानों में पढ़ाई का रास्ता भी खुला

योजना के दायरे का विस्तार करते हुए सरकार ने पात्र विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर पर मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थानों में पढ़ाई के लिए भी ऋण सुविधा उपलब्ध कराने का प्रावधान किया है। इसमें क्यूएस, टाइम्स हायर एजुकेशन और शंघाई विश्व विश्वविद्यालय रैंकिंग, भारतीय बैंक संघ की सूची, प्रधानमंत्री विद्यालक्ष्मी योजना और वेबोमेट्रिक्स रैंकिंग के शीर्ष 3000 संस्थान शामिल हैं। विदेश के संस्थानों के लिए संबंधित देश की सक्षम नियामक संस्था से मान्यता होना अनिवार्य किया गया है।

दुरुपयोग रोकने के लिए जोड़ी गई सख्त शर्तें

योजना का दुरुपयोग रोकने के लिए कड़े प्रावधान किए गए हैं। छात्र को उसी पाठ्यक्रम में दाखिला लेना अनिवार्य होगा जिसके लिए ऋण लिया गया है। संस्थान प्रमुख या विभागाध्यक्ष द्वारा सालाना संतोषजनक शैक्षणिक प्रदर्शन और पाठ्यक्रम जारी रखने का प्रमाण पत्र नहीं मिलने पर संबंधित अवधि की ब्याज सब्सिडी का दावा स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि विद्यार्थी बीच में पढ़ाई छोड़ता है, तो प्राप्त ब्याज सब्सिडी की वसूली के नियम लागू होंगे।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News