शिमला: मालरोड पर आवारा कुत्तों के झुंड से मिलेगी राहत, 1 दिसंबर से नियम तोड़ने वालों के कटेंगे चालान

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के ऐतिहासिक मालरोड पर आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या को नियंत्रित करने के लिए नगर निगम ने सख्त कदम उठाया है। निगम पहले आम लोगों और कारोबारियों को इस नई व्यवस्था के प्रति जागरूक करेगा, जिसके बाद पहली दिसंबर से निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान काटने की कार्रवाई शुरू की जाएगी।

शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों—मालरोड के नाज चौक, रोटरी टाउनहॉल, स्कैंडल प्वाइंट और सीटीओ चौक के आसपास अक्सर आवारा कुत्तों के झुंड मंडराते रहते हैं। कई बार ये कुत्ते स्थानीय राहगीरों और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनते हैं। आंकड़ों के अनुसार, राजधानी में आवारा कुत्तों की संख्या 3 हजार से अधिक बताई जा रही है और शहर में हर महीने 150 से अधिक लोग कुत्तों के काटने के बाद उपचार के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं।

शहर के अन्य क्षेत्रों में भी बनेंगे फीडिंग और नो-फीडिंग जोन

नगर निगम की योजना शहर के अन्य हिस्सों में भी ‘फीडिंग जोन’ और ‘नो-फीडिंग जोन’ चिह्नित करने की है। इस व्यवस्था का मुख्य लक्ष्य पशु प्रेमियों को आवारा कुत्तों को खाना खिलाने के लिए एक निश्चित और सुरक्षित स्थान उपलब्ध करवाना है, ताकि भीड़भाड़ वाले इलाकों और मुख्य सड़कों पर कुत्तों का जमावड़ा न लगे।

लोगों की सुरक्षा निगम की प्राथमिकता: आयुक्त सचिन कंवल

इस कदम की जानकारी देते हुए नगर निगम आयुक्त सचिन कंवल ने बताया कि आम नागरिकों और पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निगम का उद्देश्य कुत्तों को भोजन देने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाना नहीं है, बल्कि इसके लिए उचित स्थान निर्धारित करना है। इससे मालरोड जैसे प्रमुख क्षेत्रों में आवारा कुत्तों के झुंड एकत्रित नहीं होंगे और आम लोगों को किसी भी तरह की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News