हिमाचल कांग्रेस में मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर गरमाई सियासत, विक्रमादित्य सिंह ने बयान पर दी अपनी प्रतिक्रिया

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस पार्टी के भीतर मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। पूर्व प्रदेश महासचिव रजनीश किमटा द्वारा लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह को अगला मुख्यमंत्री बताए जाने के बाद चर्चाओं का बाजार गर्म है। इस पूरे घटनाक्रम पर स्वयं विक्रमादित्य सिंह ने प्रतिक्रिया दी है।

अभी सफर बहुत लंबा है: विक्रमादित्य सिंह

रजनीश किमटा के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व महासचिव ने जो कुछ भी कहा है, वह उनके अपने मन के भाव हैं। इसे किसी अन्य नजरिए से देखने की कोई आवश्यकता नहीं है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि राजनीति में अभी सफर बहुत लंबा है और इसमें कई उतार-चढ़ाव देखने को मिलेंगे। वर्तमान में विश्वास जताते हुए विक्रमादित्य ने कहा कि वह आज में जीते हैं और पार्टी द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी से निभाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह जहां हैं, वहीं पूरी तरह खुश हैं।

किमटा के बयान से कांग्रेस खेमे में हलचल

बता दें कि रजनीश किमटा ने एक कार्यक्रम के दौरान विक्रमादित्य सिंह को प्रदेश का अगला मुख्यमंत्री बताते हुए कहा था कि हिमाचल का भविष्य मंच पर मौजूद है और विक्रमादित्य ही आगे चलकर प्रदेश का नेतृत्व संभालेंगे। उन्होंने विक्रमादित्य को एक परिपक्व नेता बताते हुए यह भी कहा था कि सचिन पायलट के बाद अन्य राज्यों में भी चुनाव प्रचार के लिए उनकी खासी मांग रहती है।

किमटा के इस बयान के बाद हिमाचल कांग्रेस के भीतर नेतृत्व को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं हैं। खास बात यह रही कि विक्रमादित्य सिंह ने मुख्यमंत्री पद के इस दावे का न तो समर्थन किया और न ही इसे सिरे से खारिज किया। मंत्री के इस संतुलित रुख के बाद पार्टी के भीतर सुक्खू समर्थकों और अन्य गुटों के बीच अंदरखाने सुगबुगाहट शुरू हो गई है।

चौपाल क्षेत्र के विकास कार्यों का जिक्र

इस दौरान विक्रमादित्य सिंह ने अपने विभाग से जुड़े विकास कार्यों का भी ब्योरा दिया। उन्होंने चौपाल क्षेत्र में लगभग 255 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का उल्लेख किया। इसमें करीब 150 करोड़ रुपये की लागत से 17 नई सड़कों का निर्माण कार्य शामिल है। इसके अलावा उन्होंने ठियोग-चौपाल सड़क मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग (नेशनल हाईवे) का दर्जा मिलने का भी भरोसा दिलाया।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News