Shimla News: मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में हुई हिमाचल प्रदेश कैबिनेट की लंबी बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। सरकार ने राज्य में 7500 से अधिक पद भरने को हरी झंडी दे दी है। इसके साथ ही आशा वर्करों और नंबरदारों का मानदेय बढ़ाने और मेडिकल शिक्षा को मजबूती देने का निर्णय लिया गया।
कैबिनेट की यह मैराथन बैठक सुबह 11 बजे शुरू होकर शाम 5 बजे के बाद तक चली। बैठक समाप्त होने के बाद उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान और आयुष मंत्री याविन्द्र गोमा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर फैसलों की जानकारी दी। सरकार ने स्वास्थ्य, शिक्षा और पुलिस समेत कई विभागों में नई भर्तियों और विकास योजनाओं को मंजूरी प्रदान की है।
मेडिकल छात्रों और आशा वर्करों को मिली बड़ी राहत
कैबिनेट ने मेडिकल कॉलेजों में पीजी छात्रों का मासिक स्टाइपेंड बढ़ा दिया है। अब पहले साल के छात्रों को 50,000 रुपये, दूसरे साल को 60,000 रुपये और तीसरे साल के छात्रों को 65,000 रुपये मिलेंगे। इसके अलावा शिमला और टांडा मेडिकल कॉलेज में 30-30 सीटों के साथ नए रेडिएशन और रेडियोथेरेपी कोर्स शुरू किए जाएंगे।
स्वास्थ्य विभाग की आशा वर्करों का मासिक मानदेय 5,800 रुपये से बढ़ाकर 6,800 रुपये कर दिया गया है, जो 1 अप्रैल 2026 से लागू होगा। नंबरदारों का मानदेय भी बढ़ाकर 5,000 रुपये प्रतिमाह किया गया है। राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों को अब 1.50 लाख रुपये और राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों को 1 लाख रुपये का नकद इनाम मिलेगा।
शिक्षा और ग्रामीण विकास में होंगी बंपर भर्तियां
राज्य के 1,975 सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में एक-एक चौकीदार और एक-एक मल्टी टास्क वर्कर सहित कुल 3,950 पद भरे जाएंगे। इसके अलावा शिक्षा विभाग में 200 जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (लाइब्रेरी) नियुक्त होंगे। 12 साल की सेवा पूरी कर चुके पंचायत चौकीदारों को अब दिहाड़ीदार बनाया जाएगा और ग्राम पंचायतों में 400 मल्टी टास्क वर्कर रखे जाएंगे।
स्कूलों में नर्सरी से आठवीं कक्षा के बच्चों को मिड-डे मील के तहत हफ्ते में दो दिन उबला अंडा या मौसमी फल मिलेगा। पुलिस विभाग में 800 कांस्टेबलों की भर्ती के लिए उम्र सीमा में एक साल की छूट दी गई है। नए बने पुलिस जिले नूरपुर के लिए 102 नए पद भी स्वीकृत किए गए हैं।
आयुर्वेद, खेल और मत्स्य पालन को प्रोत्साहन
हमीरपुर के नादौन क्षेत्र में 75 एकड़ जमीन पर ऑल इंडिया आयुर्वेद संस्थान बनेगा। कांगड़ा के रैत स्वास्थ्य केंद्र और शिमला के कोटी केंद्र को भी अपग्रेड किया जाएगा। नादौन के खेल केंद्र के लिए 12.89 करोड़ के उपकरण खरीदे जाएंगे और 48 नए पद भरे जाएंगे। अटल बिहारी वाजपेयी संस्थान मनाली में नए इंस्ट्रक्टर रखे जाएंगे।
मछुआरों को नाव पर 70 प्रतिशत और जाल पर 90 प्रतिशत सब्सिडी मिलेगी। बंद सीजन के दौरान पात्र परिवारों को 3,500 रुपये की आर्थिक मदद देने के लिए मुख्यमंत्री मछुआरा सम्मान निधि योजना शुरू होगी। नादौन में एक्वा पार्क भी बनेगा। इसके अतिरिक्त ई-टैक्सी योजना में अधिकतम उम्र सीमा 50 वर्ष कर दी गई है।