Shimla News: राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी की विधानसभा में सेना और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर की गई टिप्पणी के खिलाफ भाजयुमो ने प्रदेशभर में प्रदर्शन किए। ऊना, मंडी और बिलासपुर में कार्यकर्ताओं ने मंत्री का पुतला जलाया, जबकि मंगलवार को शिमला के सीटीओ चौक पर युवा मोर्चा ने विरोध जताया। प्रदर्शनकारी मंत्री से माफी और बर्खास्तगी की मांग कर रहे हैं।
भारतीय सेना और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर विधानसभा में राजस्व एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी की टिप्पणी पर हिमाचल प्रदेश में भाजपा और भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) का विरोध तेज हो गया है। मंत्री के बयान के खिलाफ प्रदेश के अलग-अलग जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन किए गए।
ऊना में पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की
ऊना में भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने मंत्री जगत सिंह नेगी के कथित बयान के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पुतला जलाने की कोशिश की। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिसको लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। कार्यकर्ताओं ने मंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनसे माफी मांगने की मांग उठाई।
मंडी में भी फूंका मंत्री का पुतला
मंडी में भाजयुमो ने प्रदर्शन कर मंत्री के बयान पर नाराजगी जताई। कार्यकर्ताओं ने पुतला जलाकर विरोध दर्ज करवाया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि मंत्री की टिप्पणी से भारतीय सेना और ऑपरेशन सिंदूर का अपमान हुआ है। उन्होंने मंत्री को मंत्रिमंडल से हटाने की मांग भी उठाई।
18 नवंबर की टिप्पणी से शुरू हुआ विवाद
विवाद की शुरुआत 18 नवंबर को विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान हुई चर्चा से हुई। सदन की कार्यवाही के अनुसार, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने राफेल विमानों की खरीद कीमत पर सवाल उठाते हुए ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र किया था। इसी दौरान उन्होंने कहा था कि पाकिस्तान के छक्के छुड़ाने के बजाय उल्टे भारत के ही छक्के छूट गए। भाजपा ने इस टिप्पणी को सेना के सम्मान से जोड़ते हुए कड़ा विरोध जताया है।
पूर्व सैनिकों के संगठनों ने भी मंत्री के बयान की निंदा की है। हिमाचल प्रदेश के पूर्व सैनिकों के संयुक्त मोर्चे ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मंत्री से बयान वापस लेने और सार्वजनिक माफी मांगने की अपील की है। हमीरपुर और कुल्लू में भी पूर्व सैनिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंत्री का पुतला फूंका।
मंत्री ने बयान वापस लेने से इनकार किया
इस विवाद पर जगत सिंह नेगी का पक्ष भी सामने आया है। मंत्री ने कहा है कि उनकी टिप्पणी भारतीय सेना के खिलाफ नहीं, बल्कि राफेल सौदे में कथित भ्रष्टाचार और विमानों की उपयोगिता को लेकर थी। उन्होंने अपने बयान को वापस लेने से भी इनकार कर दिया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी मंत्री का बचाव करते हुए कहा है कि उन्होंने सेना के खिलाफ कोई शब्द इस्तेमाल नहीं किए।