Manali News: दिसंबर आते ही हिमाचल प्रदेश की वादियां बर्फ की सफेद चादर ओढ़ लेती हैं और ठंडी हवाओं के बीच बर्फ से ढकी चोटियां किसी जन्नत से कम नहीं लगतीं। अगर आप दिसंबर में बर्फबारी और एडवेंचर का मजा लेना चाहते हैं, तो हिमाचल की ये 10 जगहें आपके लिए सबसे अच्छी हैं।
जसवंत ठाकुर, मनाली। सर्दियों में घूमने का प्रोग्राम बना रहे हैं तो आपके लिए हिमाचल भ्रमण सबसे अच्छा रहेगा। दिसंबर आते ही हिमाचल प्रदेश की वादियां बर्फ की सफेद चादर ओढ़ लेती हैं। ठंडी हवाएं और बर्फ से ढकी चोटियां जन्नत से कम नहीं हैं। अगर आप दिसंबर में बर्फबारी और एडवेंचर का मजा लेना चाहते हैं, तो हिमाचल की ये 10 जगहें आपके लिए बेस्ट हैं।
मनाली: बर्फ और एडवेंचर का हब
दिसंबर में मनाली सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली जगह है। यहां मॉल रोड, हिडिंबा मंदिर, जोगिनी फॉल और ओल्ड मनाली में बर्फबारी का अलग ही मजा है। बर्फ पड़ते ही मनाली के आलू ग्राउंड से नेहरू कुंड तक बर्फीली खेलों की धूम मचती है।
सोलंग घाटी
मनाली से 12 किलोमीटर दूर सोलंग वैली में स्कीइंग, पैराग्लाइडिंग, स्नो स्कूटर और ट्यूबिंग का आनंद लिया जा सकता है। क्रिसमस और न्यू ईयर पर मनाली में पर्यटकों का मेला लग जाता है। सोलंग वैली दिसंबर में पूरी तरह बर्फ से ढक जाती है। यह स्कीइंग सीखने वालों के लिए बेस्ट जगह है। रोपवे से पूरे घाटी का नजारा दिल जीत लेता है।
रोहतांग दर्रा: जमी झील और चारों ओर बर्फ
मनाली से 50 किमी दूर रोहतांग दर्रा दिसंबर में बर्फ का स्वर्ग बन जाता है। यहां जमी हुई झील, बर्फीली हवाएं और चारों ओर सफेद पहाड़ पर्यटकों को खूब आकर्षित करते हैं। हालांकि मौसम के अनुसार ही यहां जाने की अनुमति मिलती है। बर्फबारी अधिक होने पर यह दर्रा मार्च-अप्रैल तक बंद हो जाता है, लेकिन इसके निकटवर्ती पर्यटन स्थल कोठी, गुलाबा, राहला फाल तक आसानी से घूम सकते हैं।
अटल टनल रोहतांग व कोकसर की वादियां
अटल टनल बनने के बाद लाहुल घाटी अब 12 महीने पर्यटकों के लिए खुली रहती हैं। मनाली से लगभग 25 किमी दूर अटल टनल का साउथ पोर्टल आता है, जबकि नौ किमी की टनल पार करते ही लाहुल घाटी पहुंच सकते हैं। यहां दिसंबर में बर्फ की साहसिक खेलों की धूम रहती है। हालांकि यहां की आवाजाही भी मौसम पर निर्भर रहती है।
स्पीति घाटी: बर्फीला रेगिस्तान
अगर आपको रोमांच पसंद है तो स्पीति घाटी दिसंबर में किसी दूसरे ग्रह जैसी लगती है। काजा, की मठ, चिचम ब्रिज और हिक्किम गांव में बर्फबारी का अलग ही अनुभव मिलता है। हालांकि यहां तापमान माइनस में चला जाता है, इसलिए पूरी तैयारी के साथ ही जाएं।
शिमला और कुफरी
दिसंबर में शिमला रिज, मॉल रोड, जाखू मंदिर और कुफरी में बर्फबारी देखने को मिलती है। कुफरी में स्कीइंग और हॉर्स राइडिंग का मजा लिया जा सकता है। क्रिसमस व न्यू ईयर पर शिमला में पर्यटकों का सैलाब उमड़ पड़ता है।
नारकंडा में बर्फ की मस्ती
शिमला से 60 किमी दूर नारकंडा उन लोगों के लिए बेस्ट है, जो भीड़ से दूर शांति में बर्फ का मजा लेना चाहते हैं। यहां हाटू पीक पर बर्फबारी और सूर्योदय का नजारा बेहद खूबसूरत होता है। स्कीइंग के लिए भी यह शानदार जगह है।
डलहौजी-खजियार करवाते हैं मिनी स्विट्जरलैंड का अहसास
चंबा जिले में स्थित डलहौजी व खजियार दिसंबर में देवदार के जंगलों और बर्फ से ढकी वादियों के साथ बेहद खूबसूरत लगता है। यहां से धौलाधार रेंज का नजारा मन मोह लेता है। पंचपुला, कालाटॉप और गांधी चौक यहां के प्रमुख आकर्षण हैं। दिसंबर में बर्फ से ढका खजियार का मैदान और बीच में झील का नजारा किसी फिल्मी सीन से कम नहीं लगता। यहां पैराग्लाइडिंग और हॉर्स राइडिंग का भी मजा लिया जा सकता है।
कल्पा किन्नौर से कैलाश के दीदार
किन्नौर जिले में स्थित कल्पा से किन्नौर कैलाश पर्वत का नजारा दिसंबर में और भी भव्य हो जाता है। बर्फ से ढके सेब के बागान और लकड़ी के पारंपरिक घर यहां की खूबसूरती बढ़ा देते हैं।
धर्मशाला-त्रिउंड: धौलाधार की गोद में बर्फ निहारने का शानदार अनुभव
धर्मशाला और मैक्लोडगंज से त्रिउंड ट्रैक दिसंबर में बर्फबारी के लिए फेमस है। नड्डी में भी बर्फबारी के बाद डल लेक किनारे सुंदर नजारे दिखते हैं। धौलाधार की बर्फीली चोटियों के बीच ट्रैकिंग करना एडवेंचर प्रेमियों के लिए यादगार अनुभव होता है।
दिसंबर में यात्रा करने से पहले रखें इन बातों का ध्यान
दिसंबर में तापमान शून्य से नीचे जा सकता है, इसलिए गर्म कपड़े, कैप, ग्लब्ज और वॉटरप्रूफ जूते जरूर रखें। ब्लैक आइस और फिसलन से बचने के लिए सुबह जल्दी और शाम ढलने के बाद पहाड़ी सफर से बचें। ट्रैकिंग पर जा रहे हैं तो अनुभवी गाइड के साथ ही जाएं। बर्फ से ढके पर्यटन स्थलों की सड़क में ब्लैक आइस जम जाती है। ऐसे में फोर बाई फोर वाहनों में ही सफर को प्राथमिकता दें। होटल की बुकिंग पहले से करवाएं, क्योंकि क्रिसमस-न्यू ईयर पर भारी भीड़ रहती है। अपनी गाड़ी में सफर कर रहे हैं तो टायर की चेन और जरूरी सामान साथ रखें।