Shimla News: टिक्कर में भाजपा संयुक्त मोर्चा के प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भाजपा नेता चेतन सिंह बरागटा ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बागवानों की पूरी तरह अनदेखी कर रही है। सेब क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि बागवानों की समस्याएं उठाने में नाकाम साबित हो रहे हैं।
भाजपा नेता चेतन सिंह बरागटा ने कहा कि उद्यान केंद्रों में जरूरी स्प्रे दवाइयां उपलब्ध नहीं हैं। बागवानी इनपुट पर मिलने वाली सब्सिडी भी घट गई है। इसके अलावा सरकार की बार-बार बदलती गाइडलाइंस के कारण बागवान बेहद परेशान हैं। सही नीतियों के अभाव से सेब उत्पादकों का नुकसान हो रहा है।
बरागटा ने बताया कि सरकार ने यूनिवर्सल कार्टन तो लागू कर दिया, लेकिन इसके लिए यूनिवर्सल ट्रे की कोई व्यवस्था नहीं की। मंडियों में सेब की बिक्री को लेकर भी भ्रम की स्थिति है। कभी वजन तो कभी दर के हिसाब से सेब बिकने से बागवानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
प्रदर्शन में शामिल हुए कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता
टिक्कर में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में किसान मोर्चा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। इनमें किसान मोर्चा उपाध्यक्ष गोपाल जबैइक, सतीश लेटका और अनित परेट प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने एक सुर में सरकार के खिलाफ आवाज उठाई।
इसके अलावा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष संदीप रोलटा, चेतन कड़ेइक और रवि पनैइक सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने भी हिस्सा लिया। सभी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि बागवानों की समस्याएं जल्द हल नहीं हुईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
