त्योहारी सीजन में बीबीएन की सड़कों पर जाम से मिलेगी राहत, एसपी बद्दी ने एनएचएआई और निर्माण कंपनी को दिए निर्देश

Share

- Advertisement -

Baddi News: त्योहारी सीजन में बीबीएन क्षेत्र की सड़कों पर ट्रैफिक जाम की समस्या दूर करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग के संकरे और निर्माणाधीन हिस्सों में सुधार कार्य तेज किए जाएंगे। एसपी बद्दी विनोद कुमार ने एनएचएआई और निर्माण कंपनी को प्राथमिकता के आधार पर कार्य पूरा करने के निर्देश जारी किए हैं।

एसपी की अध्यक्षता में 15 अक्तूबर को हुई बैठक में त्योहारी सीजन के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखने पर विस्तृत चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि अधूरे निर्माण कार्य, खराब सड़कें और संकरे रास्ते जाम की मुख्य वजह बनते हैं। पुलिस, एनएचएआई, निर्माण कंपनी और बिजली विभाग आपसी तालमेल से इसका समाधान करें।

बैठक के बाद एसपी ने पुलिस अधिकारियों के साथ रेडलाइट चौक, संडोली और किशनपुर सहित प्रमुख स्थानों का जायजा लिया। एनएचएआई और गणपति भारत प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने जल्द सुधार कार्य में तेजी लाने का आश्वासन दिया है। इससे औद्योगिक क्षेत्र में लोगों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।

निरीक्षण के दौरान कई वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित

निरीक्षण और बैठक के दौरान पुलिस प्रशासन और निर्माण कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इनमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव भाटिया और डीएसपी योगराज चंदेल विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर अपने-अपने सुझाव दिए और रणनीति पर सहमति जताई।

इसके अलावा निर्माण कंपनी के प्रबंध निदेशक ओमप्रकाश शर्मा सहित अन्य विभागीय प्रतिनिधि भी मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने भरोसा दिया कि सड़कों की मरम्मत और चौड़ीकरण का कार्य प्राथमिकता पर किया जाएगा, ताकि त्योहारों के दौरान यात्रियों और स्थानीय लोगों को आवाजाही में कोई परेशानी न हो।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News