Mahasamund News: छत्तीसगढ़ की महासमुंद पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय खैर लकड़ी तस्करी सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। यह गिरोह फिल्म ‘पुष्पा’ की तर्ज पर काम कर रहा था। फर्जी एनओसी और फर्जी बिलिंग के सहारे कई राज्यों में अवैध कारोबार चला रहा था। पुलिस ने छापेमारी कर 1.70 करोड़ कैश बरामद किया है।
पुलिस ने हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में ताबड़तोड़ छापेमारी कर तस्करी से जुटाए कैश के साथ अवैध खैर लकड़ी भी जब्त की है। एसपी प्रभात कुमार के अनुसार ओडिशा, मध्य प्रदेश, हरियाणा और हिमाचल में अब तक 70 टन लकड़ी जब्त हुई है। हाल ही में मुख्य सरगना के ठिकाने से 15 टन नई खेप मिली।
मामले में पुलिस अब तक कुल 2.5 करोड़ रुपये नकद जब्त कर चुकी है। हालिया कार्रवाई में बिचौलियों के पास से 1.70 करोड़ रुपये कैश मिला है। इससे पहले पिछले महीने सरगना मनीष अग्रवाल के ठिकाने से 81 लाख रुपये नकद जब्त किए गए थे। पुलिस लगातार नेटवर्क के वित्तीय स्रोतों पर शिकंजा कस रही है।
पुलिस ने हिमाचल प्रदेश से की नई गिरफ्तारी
पुलिस ने फर्जी बिलिंग सिंडिकेट ‘शिव ट्रेडर्स’ के संचालक सतपाल सिंह को हिमाचल प्रदेश से गिरफ्तार किया है। नेटवर्क के मुख्य सरगना मनीष अग्रवाल और संजय छापड़िया हैं। पुलिस इस मामले में पहले ही मनीष अग्रवाल, पारितोष मिश्रा और अखिलेश सिंघल को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए महासमुंद पुलिस ने फाइनेंशियल इंटेलिजेंस और फाइनेंशियल एनालिसिस का सहारा लिया है। पुलिस ने फर्जी कंपनियों, फर्जी बैंक खातों और म्यूल अकाउंट्स के लेनदेन के साथ जीएसटी रिटर्न्स की जांच की है। फिलहाल पुलिस की टीमें हरियाणा और हिमाचल में 5 से 6 ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।
