Shimla News: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के आगामी मानसून सत्र के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। विधायकों की ओर से सवालों की सूचनाएं सचिवालय पहुंचने लगी हैं। शुक्रवार तक 406 प्रश्नों की सूचना प्राप्त हो चुकी है। सुरक्षा बैठक के बाद विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने यह जानकारी दी।
चौदहवीं विधानसभा के 12वें सत्र के संबंध में उन्होंने कहा कि सचिवालय को विधायकों से लगातार प्रश्न मिल रहे हैं। आने वाले दिनों में यह संख्या और बढ़ेगी। इसके अलावा कई नोटिस भी मिले हैं, जिन्हें जवाब तैयार करने के लिए राज्य सरकार को भेज दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र 21 अगस्त से शुरू होगा। इस सत्र के दौरान कुल दस बैठकें आयोजित की जाएंगी। सत्र के दौरान कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दे रहा है।
पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने पेपर लीक मामलों पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि जब बड़ी परीक्षाओं के पेपर लीक होते हैं तो यह बेहद दुखद और शर्मनाक होता है। ऐसे मामलों को समाज कभी स्वीकार नहीं करता और इससे व्यवस्था पर सवाल खड़े होते हैं।
विधानसभा स्पीकर ने कहा कि शासन, प्रशासन और सत्ता में बैठे सभी लोगों को अपने काम में पूरी पारदर्शिता लानी चाहिए। निष्पक्षता और जवाबदेही से ही ऐसी घटनाओं पर रोक लग सकती है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाली व्यवस्था में सुधार बेहद जरूरी है।