Shimla News: प्राथमिक शिक्षक संघ (पीटीएफ) के विरोध के बीच राज्य सरकार ने हिमाचल प्रदेश के प्राथमिक स्कूलों में तैनात जेबीटी शिक्षकों के युक्तिकरण को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। शिक्षा विभाग अब इस प्रक्रिया को धरातल पर उतारेगा। कम छात्र संख्या वाले स्कूलों से शिक्षकों को अधिक आवश्यकता वाले स्कूलों में भेजा जाएगा।
प्रदेश के लगभग 3209 प्राथमिक स्कूलों में केवल एक-एक शिक्षक तैनात है, जिनमें से कई जगह 20 से 25 विद्यार्थी हैं। वहीं कुछ स्कूलों में 10 से 12 बच्चों पर दो शिक्षक तैनात हैं। इस असमानता को समाप्त करने के लिए शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद जिला कैडर के तहत उपनिदेशक यह प्रक्रिया पूरी करेंगे।
विभाग बैचवाइज और सीधी भर्ती के जरिए रिक्त पदों को भरने के साथ-साथ मौजूदा शिक्षकों का पुनर्वितरण करेगा। हालांकि, सरकार के इस फैसले से पीटीएफ के साथ टकराव बढ़ने की संभावना है। संघ का आंदोलन 14वें दिन भी जारी रहा, जिसमें शनिवार को महिला विंग की अध्यक्षा सुनीता शर्मा, महासचिव सुशीला नेगी, आशा, मीना और कृष्णा ठाकुर ने भाग लिया।