हमीरपुर में नवरात्र पर नातिन के जन्म पर नाना-नानी ने सजाया रथ, बैंड-बाजे के साथ कराया भव्य गृह प्रवेश

Share

- Advertisement -

Hamirpur News: शारदीय नवरात्र के पहले दिन हमीरपुर जिले में बेटियों के प्रति सम्मान और प्रेम की अनूठी मिसाल देखने को मिली। वार्ड नंबर 10 बाईपास निवासी एक परिवार ने अपनी नन्हीं नातिन ‘श्रजीनिका’ के पहली बार ननिहाल पहुंचने पर देवी स्वरूप मानकर भव्य स्वागत किया। इस अनोखे आयोजन ने पूरे शहर का ध्यान खींचा।

नाना शेर सिंह और नानी अनिता कुमारी ने अपनी नातिन को घर लाने के लिए विशेष रूप से सजा हुआ रथ और बैंड-बाजा बुलवाया था। जैसे ही बेटी और दामाद नवजात बच्ची को लेकर पहुंचे, पूरा परिवार ढोल-नगाड़ों की धुन पर झूम उठा। रिश्तेदारों ने नाचते-गाते हुए इस भव्य रथयात्रा में हिस्सा लिया।

बच्ची का जन्म 15 सितंबर को हुआ था और वह पहली बार अपने ननिहाल आई है। बच्ची के पिता अंकुश कटोच एनएचपीसी में एक्सईएन हैं, जबकि माता सुचेता गृहिणी हैं। नाना शेर सिंह सेवानिवृत्त कानूनगो हैं और नानी अनिता कुमारी स्वास्थ्य विभाग में सुपरवाइजर पद पर कार्यरत हैं। परिवार में तीन साल का एक बड़ा बेटा भी है।

नाना शेर सिंह ने बताया कि तीन साल पहले उन्होंने अपनी बड़ी बेटी प्रियंका की बच्ची का स्वागत भी इसी तरह रथ में बैठाकर किया था। उन्होंने कहा कि बेटियों के आगमन से घर में खुशियां बढ़ती हैं और बेटियां किसी मामले में बेटों से कम नहीं हैं। इसलिए परिवार में बेटी का जन्म होने पर हमेशा इसी तरह उत्सव मनाया जाता है।

नवरात्र के पावन अवसर पर हुआ यह अनूठा स्वागत समारोह समाज को बेटियों की महत्ता समझाने का एक सुंदर संदेश देता है। शहर भर में इस अनोखे गृह प्रवेश की चर्चा हो रही है और स्थानीय निवासी परिवार के इस सराहनीय कदम की खूब प्रशंसा कर रहे हैं।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News