Sirmaur News: पीएम श्री पंडित दुर्गा दत्त राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नारग के छात्र भूपेंद्र ने ऊर्जा दक्षता चित्रकला प्रतियोगिता में प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया है। राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने उन्हें 20,000 रुपये की पुरस्कार राशि और प्रमाणपत्र से सम्मानित किया। अब वह 11 दिसंबर को दिल्ली में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
पीएम श्री पंडित दुर्गा दत्त राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नारग के नौवीं कक्षा के छात्र भूपेंद्र ने ऊर्जा दक्षता पर आधारित राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में प्रदेश भर में तीसरा स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया है।
भूपेंद्र ने पहले प्रदेश भर से आई हजारों पेंटिंग्स में से शीर्ष 50 में स्थान बनाया। इसके बाद बीते कल शिमला में आयोजित प्रतियोगिता में उन्होंने तीसरा स्थान हासिल किया। इसी प्रतियोगिता में विद्यालय के छठी कक्षा के छात्र आराध्य वीर सिंह ने भी सराहनीय प्रदर्शन किया।
राज्यपाल ने किया सम्मानित, दिल्ली में राष्ट्रीय स्पर्धा
शिमला में आयोजित समारोह में प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने भूपेंद्र को 20,000 रुपये की इनामी राशि से पुरस्कृत किया। इसके अलावा उन्हें 2,000 रुपये की अनुग्रह राशि, ट्रॉली बैग और प्रमाणपत्र भी दिया गया।
अब भूपेंद्र 11 दिसंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेंगे। भूपेंद्र ने अपनी इस सफलता का श्रेय मुख्य रूप से विद्यालय के कला अध्यापक कपिल देव अत्री और पूरे विद्यालय परिवार को दिया है।
विद्यालय प्रबंधन ने दी बधाई, सातवीं बार राज्य स्तर पर प्रदर्शन
पीएम श्री विद्यालय नारग के प्रधानाचार्य जय प्रकाश और विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अरुण पंवर ने भूपेंद्र, कला शिक्षक कपिल देव अत्री, अभिभावकों और पूरे विद्यालय परिवार को बधाई दी। उन्होंने आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए भी शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय के अनुसार, पिछले वर्ष भी छात्रा प्रियांशी पंवर राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। विद्यालय लगातार सातवीं बार राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपना प्रदर्शन कर चुका है।