Shimla News: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में एक व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो गया। शातिर ठगों ने पीड़ित के बैंक खाते से दो बार में कुल छह लाख रुपये निकाल लिए। हैरानी की बात यह है कि पहली निकासी के बाद खाता फ्रीज कराने का आग्रह करने के बावजूद दोबारा पैसे कट गए।
मामला शिमला के कुपवी क्षेत्र का है। सनत गांव के निवासी नारायण सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 13 अक्तूबर को दोपहर साढ़े तीन बजे उनके मोबाइल पर ओटीपी आए थे। इसके तुरंत बाद उनके हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के खाते से चार लाख रुपये निकल गए।
बैंक को सूचना देने के बाद भी दोबारा हुई निकासी
खाते से भारी रकम निकलने का पता चलते ही पीड़ित ने तुरंत बैंक कर्मचारियों से संपर्क किया। उन्होंने अपना बैंक खाता फ्रीज करने की गुजारिश की। इसके बावजूद ठगों ने खाते से दो लाख रुपये और निकाल लिए। इस तरह उनके खाते से कुल छह लाख रुपये की अवैध निकासी हो गई।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मोबाइल पर ओटीपी किस प्रक्रिया के तहत आए थे। पैसे निकालने के लिए ठगों ने किस माध्यम का उपयोग किया, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी। कुपवी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर घटनाक्रम की गहनता से पड़ताल शुरू कर दी है।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के तहत दर्ज किया मामला
पुलिस अधिकारी के अनुसार कुपवी थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत केस दर्ज किया गया है। साइबर क्राइम पुलिस थाना शिमला से जीरो एफआईआर मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई। कुपवी थाना प्रभारी अनिल कुमार इस पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।
