Chamba News: हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्रमणि कुलेठी का उनके पैतृक गांव में अंतिम संस्कार कर दिया गया। पिता धर्म चंद ने नम आंखों से बेटे को मुखाग्नि दी। बुधवार रात मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों के दौरान करंट लगने से युवा नेता की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का 22 और 23 अक्तूबर को होली घाटी का दौरा तय था। इस कार्यक्रम के लिए चंद्रमणि देर रात 12 बजे अपने साथियों के साथ झंडे और बैनर लगाने में जुटे थे। उसी समय वह अचानक हाई-वोल्टेज बिजली की तारों की चपेट में आ गए। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीएम सुक्खू और विक्रमादित्य सिंह ने जताया गहरा शोक
युवा नेता के असामयिक निधन पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने गहरा शोक जताया। सीएम ने वीडियो कॉल के जरिए मृतक के पिता से बात कर सांत्वना दी। हेलिकॉप्टर में आई तकनीकी खराबी के चलते मुख्यमंत्री अंतिम संस्कार में नहीं पहुंच सके, लेकिन उन्होंने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिया।
हादसे का सबसे मार्मिक पहलू यह है कि चंद्रमणि अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। उनके पिता की हाल ही में सर्जरी हुई थी और वह पूरी तरह बेड रेस्ट पर हैं। इस अचानक हुए हादसे से दो साल के मासूम बेटे के सिर से पिता का साया छिन गया है, जिससे परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, नम आंखों से दी विदाई
चंद्रमणि की अंतिम विदाई में पूरे इलाके से सैकड़ों लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। डीसी मुकेश रेप्सवाल, एडीएम विकास शर्मा, विधायक नीरज नैय्यर और विधायक डॉ. जनक राज समेत कई नेताओं ने मौके पर पहुंचकर श्रद्धांजलि दी। कांग्रेस संगठन और स्थानीय लोगों ने इस घटना को क्षेत्र और पार्टी के लिए बहुत बड़ी अपूरणीय क्षति बताया है।
