Chamba News: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में गैहरा-मरौर मार्ग पर गुरुवार को एक भयानक सड़क हादसा पेश आया। सेब लेने जा रही एक पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर लगभग 400 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में एक महिला की मौके पर जान चली गई, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं।
मोड़ काटते समय हुआ हादसा, स्थानीय लोगों ने किया रेस्क्यू
मिली जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन मरौर की तरफ जा रहा था। चौंरा कैंची के समीप तीखा मोड़ काटते समय ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया, जिससे गाड़ी नीचे खाई में जा गिरी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
गंभीर घायल महिला को टांडा मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर
हादसे में 55 वर्षीय कजनो देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अलका देवी, सुरेश कुमार और ड्राइवर घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल अलका देवी को बेहतर इलाज के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
हादसे के सही कारणों का पता लगाने में जुटी स्थानीय पुलिस
सीएमओ चंबा जालम सिंह ने बताया कि गाड़ी में कुल चार लोग सवार थे, जिनमें से एक महिला की मृत्यु हुई है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस टीम मामला दर्ज कर दुर्घटना के तकनीकी और अन्य संभावित कारणों की गहन जांच कर रही है।