Chamba News: हिमाचल पथ परिवहन निगम की खैरी-बनीखेत रूट पर चलने वाली बस गुरुवार को तकनीकी खराबी के कारण बीच रास्ते में बंद हो गई। इससे बस में सवार 35 यात्रियों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी। इस एक बस के खराब होने से बनीखेत-रंगड़ रूट पर भी परिवहन सेवा पूरी तरह ठप हो गई।
बस खराब होने से आधा दर्जन गांवों के यात्री और छात्र परेशान
ग्रामीणों के अनुसार बस सेवा बाधित होने से बडेरु, बासा, ढलोग, धारद, बगढार, धार, मंझधार और रंगड़ क्षेत्र के लोग प्रभावित हुए। रोजाना काम, इलाज और जरूरी खरीदारी के लिए जाने वाले यात्रियों को भटकना पड़ा। वहीं बनीखेत व बगढार के स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे भी समय पर नहीं पहुंच सके।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि ग्रामीण इलाकों में परिवहन साधन पहले से सीमित हैं। उन्होंने मांग की कि बसों की नियमित तकनीकी जांच की जाए ताकि बीच रास्ते में ऐसी स्थिति न बने। एचआरटीसी चंबा के डीडीएम शुगल सिंह ने बताया कि कारणों का पता लगाकर जल्द सुधार के कदम उठाए जाएंगे।