Chamba News: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है। चंबा-भरमौर नेशनल हाईवे पर बीती रात एक बोलेरो कैंपर गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में दो युवा टैक्सी चालकों की मौके पर ही मौत हो गई। भरमौर से भारतीय जनता पार्टी के विधायक जनक राज ने इस घटना की पुष्टि की है।
मृतकों की पहचान 39 वर्षीय रविंदर कुमार और 32 वर्षीय विशाल कुमार के रूप में हुई है। दोनों भरमौर के ही रहने वाले थे और मणिमहेश टैक्सी यूनियन से जुड़े हुए थे। जानकारी के मुताबिक, दोनों चालक अपनी गाड़ी में तेल डलवाने के लिए लाहल पेट्रोल पंप गए थे। तेल डलवाकर लौटते समय दिनका घार के पास यह भयानक हादसा हुआ।
हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने राहत कार्य शुरू कर दोनों चालकों को खाई से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। हालांकि अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
भरमौर के विधायक जनक राज ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा, “देर रात सड़क हादसे में भरमौर के दो युवाओं रविन्द्र और बंटी की दर्दनाक मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे ने दो परिवारों से उनके प्रियजनों को छीन लिया। इस अपूरणीय क्षति से मन बेहद व्यथित है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवारों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।”