Bilaspur News: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के घुमारवीं में स्मार्ट मीटर न लगवाने पर पंचायत प्रधान के घर का बिजली कनेक्शन काटने का मामला तूल पकड़ गया। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग कार्यालय के बाहर तीन घंटे तक धरना-प्रदर्शन किया। बाद में एसडीएम के मौके पर पहुंचकर हस्तक्षेप करने और बिजली बहाली के निर्देश देने पर मामला शांत हुआ।
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के घुमारवीं उपमंडल स्थित ग्राम पंचायत कपाहड़ा में स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर विवाद गहरा गया है। पंचायत प्रधान के घर का बिजली कनेक्शन काटे जाने के विरोध में सोमवार को ग्रामीणों ने घुमारवीं स्थित विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता (XEN) कार्यालय के बाहर करीब तीन घंटे तक जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए एसडीएम घुमारवीं अभिषेक बरवाल ने मौके पर पहुंचकर हस्तक्षेप किया और प्रधान के घर की बिजली आपूर्ति तुरंत बहाल करने के निर्देश दिए।
ग्राम सभा में पारित हुआ था स्मार्ट मीटर न लगाने का प्रस्ताव
विवाद की शुरुआत कपाहड़ा पंचायत की अगस्त माह में आयोजित ग्राम सभा से जुड़ी है, जिसमें ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से गांव में स्मार्ट मीटर न लगाने का प्रस्ताव पारित किया था। इस प्रस्ताव की प्रति विद्युत विभाग को भी भेजी गई थी।
पंचायत प्रधान विनय कुमार शर्मा ने बताया कि 14 अक्टूबर को विद्युत विभाग ने उनके और उनके दिवंगत पिता के नाम नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर स्मार्ट मीटर लगवाने को कहा था, अन्यथा कनेक्शन काटने की चेतावनी दी गई थी।
अनुपस्थिति में मीटर उखाड़ने का आरोप, निजी जमीन से पोल हटाने की मांग
प्रधान का आरोप है कि 15 अक्टूबर को जब वह अपने बेटे के ऑपरेशन के सिलसिले में परिवार सहित हमीरपुर अस्पताल गए थे, तब विभागीय कर्मचारी उनके घर पहुंचे। घर पर केवल उनकी करीब 70 वर्षीय बुजुर्ग माता अकेली थीं। आरोप है कि कर्मचारियों ने पुराना बिजली मीटर उखाड़ दिया और बिजली आपूर्ति पूरी तरह बंद कर दी।
इस कार्रवाई के विरोध में प्रधान ने अपनी निजी भूमि पर लगे बिजली के खंभे, तार और अन्य विद्युत ढांचे को 24 घंटे में हटाने का अल्टीमेटम दिया और जमीन के उपयोग के बदले मुआवजे की मांग उठाई। साथ ही उन्होंने मामले को लेकर हाईकोर्ट जाने की चेतावनी भी दी। इससे पूर्व शनिवार को एसडीएम, पुलिस थाना और एक्सईएन को ज्ञापन सौंपे गए थे।
तीन घंटे चला प्रदर्शन, एसडीएम के निर्देश पर शांत हुआ मामला
पंचायत प्रधान ने पहले शिमला-धर्मशाला हाईवे जाम करने का निर्णय लिया था, लेकिन त्योहारी सीजन में आम जनता की सुविधा को देखते हुए चक्का जाम का फैसला वापस ले लिया गया। इसके बाद सोमवार सुबह करीब 11 बजे कपाहड़ा और आसपास की पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में घुमारवीं स्थित विद्युत बोर्ड कार्यालय पहुंचे और धरना शुरू कर दिया।
एक्सईएन के दफ्तर में न होने से ग्रामीण और आक्रोशित हो गए। स्थिति बिगड़ती देख एसडीएम अभिषेक बरवाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों से वार्ता कर शांत करवाया। एसडीएम ने विद्युत विभाग को प्रधान के घर की बिजली तुरंत बहाल करने और अधिकारियों व पंचायत प्रतिनिधियों को बैठक कर समाधान निकालने के निर्देश दिए। एसडीएम ने यह भी आश्वस्त किया कि निजी भूमि पर लगे पोल के मुआवजे का मामला उच्च अधिकारियों के समक्ष उठाया गया है।