घुमारवीं के सीर खड्ड पुल से छलांग लगाने वाली दोनों छात्राओं के शव बरामद, इलाके में पसरा मातम

Share

- Advertisement -

Bilaspur News: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में घुमारवीं के सीर खड्ड पुल से रविवार शाम पानी में छलांग लगाने वाली बरमाणा क्षेत्र की दोनों छात्राओं के शव बरामद कर लिए गए हैं। रविवार देर शाम तलाशी अभियान के दौरान एक छात्रा का शव मिल गया था, जबकि दूसरी छात्रा का शव सोमवार सुबह चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद खड्ड से बाहर निकाला गया। इस दर्दनाक घटना के बाद बरमाणा और घुमारवीं क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार, दोनों छात्राएं बरमाणा क्षेत्र की रहने वाली थीं और दसवीं कक्षा में पढ़ती थीं। इनमें एक छात्रा की उम्र 14 वर्ष और दूसरी की उम्र 15 वर्ष बताई जा रही है। दोनों आपस में गहरी सहेलियां थीं। बताया जा रहा है कि इनमें से एक छात्रा अपने ननिहाल में रहती थी, जबकि दूसरी प्रवासी परिवार से संबंध रखती थी और बरमाणा में ही रह रही थी।

परीक्षा देने की बात कहकर घर से निकली थीं दोनों सहेलियां

परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों छात्राएं शनिवार सुबह सुंदरनगर में परीक्षा देने की बात कहकर घर से निकली थीं। परिवार वालों को उम्मीद थी कि परीक्षा समाप्त होने के बाद वे शाम तक घर लौट आएंगी, लेकिन देर शाम तक उनके घर न पहुंचने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। इसके बाद परिजनों ने अपने स्तर पर उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका।

छात्राओं के ननिहाल पक्ष के अनुसार, रविवार को उनके घुमारवीं में होने की सूचना मिली। इसके बाद दोनों को समझा-बुझाकर घर वापस लाने के लिए बरमाणा से दो युवकों को घुमारवीं भेजा गया। हालांकि, युवकों के मौके पर पहुंचने से पहले ही दोनों छात्राओं ने सीर खड्ड पुल से छलांग लगा दी।

पुलिस कर रही हर पहलू से मामले की जांच

सोमवार सुबह पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर दोबारा तलाशी अभियान शुरू किया, जिसके बाद कड़ी मशक्कत से दूसरी छात्रा का शव भी बरामद कर लिया गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम व आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों छात्राओं ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया। पुलिस परिजनों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर घटना के पीछे के कारणों का पता लगा रही है। डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सीर खड्ड पुल से कूदने वाली दोनों छात्राओं के शव बरामद कर लिए गए हैं और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News