Bilaspur News: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में अवैध खनन पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। उपायुक्त राहुल कुमार ने संबंधित विभागों की एक संयुक्त समिति गठित करने का निर्देश दिया है। यह टीम जिले के विभिन्न इलाकों में औचक निरीक्षण करेगी, ताकि अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों पर तुरंत कानूनी शिकंजा कसा जा सके।
उपायुक्त ने निगरानी तंत्र को मजबूत बनाने के लिए सभी प्रमुख विभागों की एक अहम बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में पुलिस, खनन, उद्योग, लोक निर्माण और जल शक्ति विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा सभी उप-मंडलीय अधिकारी भी ऑनलाइन व ऑफलाइन माध्यम से जुड़े। प्रशासन ने सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ फील्ड में काम करने के सख्त निर्देश दिए।
पंजाब सीमा पर बनेगी गरामॉड चेक पोस्ट, खड्डों पर पैनी नजर
बैठक में निर्णय लिया गया कि पंजाब से आने वाले वाहनों की कड़ी जांच के लिए गरामॉड के पास एक विशेष चेक पोस्ट स्थापित की जाएगी। इससे पड़ोसी राज्य से आने-जाने वाले वाहनों पर चौबीसों घंटे निगरानी रखी जा सकेगी। इसके साथ ही अवैध खनन के प्रति संवेदनशील मानी जाने वाली अली खड्ड और सीर खड्ड जैसी जगहों पर विशेष निगरानी दस्ता तैनात रहेगा।
अधिकारियों ने बैठक में जानकारी दी कि जिले में वर्तमान में 16 वैध खनन पट्टे जारी किए गए हैं। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन की किसी भी शिकायत पर तुरंत मौके पर जाकर कार्रवाई की जाए। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को जब्त कर सख्त कानूनी कदम उठाए जाएं, ताकि अवैध खनन के नेटवर्क को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।