Nalagarh News: नालागढ़ उपमंडल के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बरूणा में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नालागढ़ के विधायक बावा हरदीप सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की, जबकि स्थानीय गणमान्य लोगों और अधिकारियों ने विशेष अतिथियों के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
दीप प्रज्वलन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि और अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर तथा वंदे मातरम् के गान के साथ किया गया। इसके पश्चात प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए सालभर की शैक्षणिक और अन्य गतिविधियों की जानकारी दी। स्कूल प्रशासन और एस.एम.सी. की ओर से मुख्य अतिथि को हिमाचली शॉल और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। छात्र-छात्राओं ने ‘बेटी हूं बेटी’ शीर्षक लघु प्रस्तुति के साथ-साथ पंजाबी भंगड़ा, राजस्थानी नृत्य, पारंपरिक गिद्दा और हरियाणवी नृत्य पेश कर खूब तालियां बटोरीं।
मेधावी विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित
मुख्य अतिथि विधायक बावा हरदीप सिंह ने शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ-साथ खेलकूद प्रतियोगिताओं, अकादमिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों में भाग लेकर सफलता हासिल करना विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके माता-पिता और शिक्षकों के लिए भी गर्व का विषय है। उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए स्कूल प्रशासन और स्कूल प्रबंधन समिति को बधाई दी।
विधायक ने इस दौरान राज्य सरकार की प्राथमिकताओं का जिक्र करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार लाने के लिए लगातार प्रयासरत है, ताकि सरकारी स्कूलों में शिक्षा के स्तर को और अधिक बेहतर बनाया जा सके। कार्यक्रम का मंच संचालन डी.सी. पोसवाल ने किया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत बरुणा के प्रधान विजय ठाकुर, गेस्ट ऑफ ऑनर एवं विख्यात वैज्ञानिक डॉ. लखबीर ठाकुर, उपप्रधान शमशेर सिंह, एस.एम.सी. प्रधान फौजा सिंह, एग्जामिनर विचित्र सिंह सहित पंजैहरा के प्रधान राम कुमार शर्मा और क्षेत्र के अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।