New Delhi News: त्योहारों के मौसम में चीनी की बढ़ती कीमतों ने लोगों का बजट बिगाड़ दिया है। इसके साथ ही सफेद चीनी का ज्यादा सेवन स्वास्थ्य के लिए भी काफी नुकसानदायक होता है। ऐसे में चीनी के प्राकृतिक और हेल्दी विकल्पों को अपनाकर आप मिठास के साथ-साथ अपनी सेहत का भी पूरा ख्याल रख सकते हैं।
खजूर से तैयार करें स्वादिष्ट और हेल्दी मिठास
खजूर चीनी का बेहतरीन प्राकृतिक विकल्प है। इसके बीज निकालकर 15 मिनट गर्म पानी में भिगोएं और मिक्सी में पीसकर गाढ़ा पेस्ट बना लें। इसे मिठाइयों या चाय में इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके अलावा खजूर को पानी में उबालकर सिरप बना सकते हैं या सुखाकर पाउडर के रूप में मीठे व्यंजनों में डाल सकते हैं।
स्टीविया और शहद का सही इस्तेमाल
स्टीविया का पौधा एक नेचुरल स्वीटनर है जिसे शुगर प्लांट भी कहते हैं। इसकी पत्तियां डायबिटीज के मरीजों और वजन घटाने वालों के लिए बेहद फायदेमंद हैं। चाय में इसकी 1-2 पत्तियां काफी होती हैं। इसके अलावा शहद भी अच्छा विकल्प है, लेकिन ध्यान रखें कि इसे कभी भी उबलती हुई चाय या कॉफी में न मिलाएं।
दालचीनी और सौंफ से लाएं नेचुरल मिठास
अगर आपको चाय या गर्म पेय में हल्की मिठास पसंद है, तो दालचीनी और सौंफ का उपयोग करें। यह मिश्रण मिठास के साथ ड्रिंक का स्वाद भी बढ़ाता है। किसी भी ड्रिंक को तैयार करते समय उसमें 2 चम्मच सौंफ और 1 इंच दालचीनी का टुकड़ा मिलाकर उबालें, जिससे रिफाइंड शुगर की जरूरत नहीं पड़ेगी।