Meerut News: भैयादूज पर्व के अवसर पर बहनों से मिलने जा रहे भाइयों और यात्रियों की सहूलियत के लिए मेरठ पुलिस ने व्यापक यातायात प्रबंधन योजना लागू की है। शहर और हाईवे पर जाम के 36 संवेदनशील प्वाइंट्स चिह्नित कर 250 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है। दिल्ली-दून हाईवे को पांच सेक्टरों में बांटने के साथ भारी वाहनों के प्रवेश पर पाबंदी और रूट डायवर्जन लागू किया गया है।
भैयादूज पर सड़कों पर वाहनों के भारी दबाव को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. विपिन ताडा (बीबीजीटीएस मूर्ति) ने शहर और हाईवे पर सेक्टर व्यवस्था लागू की है। दिल्ली-दून हाईवे पर मोहिउद्दीनपुर से दादरी तक करीब 40 किलोमीटर लंबे हिस्से को पांच सेक्टरों में विभाजित किया गया है, जहां प्रत्येक सेक्टर की कमान एक थाना प्रभारी को सौंपी गई है।
यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए शहर, हाईवे, नमो भारत, मेट्रो स्टेशन और बस अड्डों पर पुलिस बल मुस्तैद रहेगा। मंगलवार और बुधवार को सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक भारी कमर्शियल वाहनों के शहर में प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी। सिवाया और काशी टोल प्लाजा पर भी अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि वाहनों की कतार न लगे।
निगरानी व्यवस्था के तहत एसपी सिटी विनायक भोसले हाईवे, एसपी यातायात राजेश श्रीवास्तव शहर के आंतरिक क्षेत्र और एसपी देहात सरधना, किठौर व मवाना क्षेत्र की कमान संभालेंगे। सीसीटीवी कैमरों की मदद से जाम वाले स्थानों की रियल-टाइम मॉनिटरिंग होगी और कंट्रोल रूम में रिजर्व बल तैनात रहेगा।
बुधवार को माल रोड पर रहेगा यह रूट डायवर्जन
यातायात दबाव को नियंत्रित करने के लिए बुधवार को माल रोड और आसपास के क्षेत्रों में मार्ग परिवर्तन लागू रहेगा:
- कमिश्नरी आवास चौराहा (साकेत) से माल रोड की ओर किसी भी प्रकार के वाहन के जाने पर रोक रहेगी। यह यातायात बैजल भवन चौराहा से लालकुर्ती बाजार होते हुए जीरोमाइल चौराहे की ओर निकाला जाएगा।
- माल रोड पर केवल टैंक चौराहे से कमिश्नरी आवास चौराहे (साकेत) की दिशा में ही वाहन संचालित हो सकेंगे।
- जीरोमाइल चौराहे से लालकुर्ती बाजार होते हुए कमिश्नरी आवास चौराहे की तरफ वाहन नहीं जा सकेंगे; इन वाहनों को माल रोड से होकर गुजरना होगा।
- मवाना की ओर से आने वाले वाहन गंगानगर नाले से होमगार्ड चौराहा होते हुए दाहिने मुड़कर माल रोड, इंडियन बैंक कट और एमईएस कट से टैंक चौराहे की ओर जा सकेंगे।
जाम की सूचना के लिए पुलिस ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
यातायात में किसी भी तरह की रुकावट या जाम की स्थिति में त्वरित सहायता के लिए पुलिस प्रशासन ने संपर्क नंबर जारी किए हैं। किसी भी मार्ग पर जाम लगने या आपातकालीन सहायता के लिए नागरिक यूपी-112 के अलावा हेल्पलाइन नंबर 9454401587 और 9454417431 पर सीधे सूचना दे सकते हैं।