New Delhi News: अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), नई दिल्ली के चिकित्सकों ने एक बड़ी चिकित्सा उपलब्धि हासिल करते हुए देश में पहली बार गर्भस्थ शिशु की रीढ़ की गंभीर जन्मजात विकृति ‘मेनिंगोमायलोसील’ (Meningomyelocele) की सफल भ्रूण सर्जरी की है। 25 सप्ताह के भ्रूण की इस जटिल सर्जरी के बाद अब चिकित्सकों की योजना करीब 32वें सप्ताह में महिला का प्रसव कराने की है।
सोमवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में एम्स के निदेशक और एंडोक्रिनोलॉजी एवं मेटाबॉलिज्म विभाग के प्रो. निखिल टंडन ने यह जानकारी दी। उन्होंने इस सफलता को कई चिकित्सा विशेषज्ञताओं के बेहतर समन्वय का परिणाम बताया। चिकित्सकों के अनुसार, प्रसव के समय तक गर्भस्थ शिशु के विकास, गर्भनाल, प्लेसेंटा और मां के स्वास्थ्य पर निरंतर नजर रखी जाएगी। इस सर्जरी की वास्तविक सफलता का आकलन जन्म के कई वर्ष बाद बच्चे के चलने-फिरने, पैरों की ताकत और मल-मूत्र पर नियंत्रण की क्षमता से हो सकेगा।
भारत में पहली बार हुई यह जटिल भ्रूण सर्जरी
एम्स के न्यूरोसर्जरी विभाग के प्रोफेसर डॉ. पी. शरत चंद्र ने बताया कि विदेशों में वर्ष 1997 से अब तक इस तरह की 3,500 से 5,000 सर्जरी की जा चुकी हैं, लेकिन भारत में पहली बार एम्स में यह ऑपरेशन किया गया है।
सर्जरी टीम का नेतृत्व करने वाले न्यूरोसर्जरी विभाग के प्रो. डॉ. दीपक गुप्ता ने स्पष्ट किया कि यह सर्जरी पूर्ण उपचार नहीं है, लेकिन इससे जन्म के बाद बच्चे के मस्तिष्क में पानी भरने (हाइड्रोसेफेलस) और शंट लगाने की आवश्यकता 50 प्रतिशत तक कम हो सकती है।
तीन सप्ताह की तैयारी के बाद हुआ ऑपरेशन
मातृ-भ्रूण चिकित्सा एवं प्रसूति-स्त्री रोग विभाग की प्रो. डॉ. नीना मल्होत्रा की देखरेख में गर्भवती महिला का उपचार और आगामी प्रसव कराया जाएगा। डॉक्टरों ने बताया कि महिला को गर्भावस्था के 22वें सप्ताह में लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज से एम्स रेफर किया गया था।
तीन सप्ताह की गहन तैयारी, चिकित्सकीय अभ्यास और परिवार की काउंसलिंग के बाद यह ऑपरेशन किया गया। इस जटिल प्रक्रिया के लिए ब्राजील के साओ पाउलो स्थित भ्रूण सर्जरी विशेषज्ञ प्रो. सर्जियो से भी मार्गदर्शन लिया गया।
तीन परतों में खोला और बंद किया गया गर्भाशय
चिकित्सकों ने ऑपरेशन की तकनीकी प्रक्रिया साझा करते हुए बताया कि सर्जरी के दौरान गर्भाशय को तीन परतों में खोलकर भ्रूण की रीढ़ की विकृति की मरम्मत की गई और फिर उसे सुरक्षित बंद किया गया। मुख्य प्रक्रियाएं इस प्रकार रहीं:
- एमनियोटिक तरल का संतुलन: ऑपरेशन के दौरान बाहर निकले एमनियोटिक तरल की भरपाई के लिए समान तापमान वाला तरल लगातार प्रवाहित किया गया। गर्भाशय बंद करने से पहले करीब 300 मिलीलीटर तरल गर्भ में भरा गया और लगातार अल्ट्रासाउंड के जरिए प्लेसेंटा व गर्भनाल की निगरानी की गई।
- रक्तचाप और ऑक्सीजन नियंत्रण: एनेस्थीसिया टीम के डॉ. बिम्मी, डॉ. रश्मि और डॉ. मिहिर पांडिया ने पूरी प्रक्रिया के दौरान मां और गर्भस्थ शिशु का रक्तचाप व ऑक्सीजन स्तर स्थिर बनाए रखा।
- प्लास्टिक सर्जरी से घाव बंद: प्लास्टिक सर्जरी विभाग के डॉ. शशांक चौहान और डॉ. नंदिनी ने न्यूरल टिश्यू की मरम्मत के बाद भ्रूण के दाएं कूल्हे के हिस्से से त्वचा का फ्लैप लेकर घाव को बिना किसी खिंचाव के बंद किया।
गर्भधारण से पहले फोलिक एसिड का सेवन बेहद जरूरी
एम्स के रेडियोलाजी विभाग की डॉ. स्मिता मनचंदा ने बताया कि भ्रूण की एमआरआई (MRI) जांच में ग्रेड-3 हर्निएशन पाया गया था, जिसके बाद सर्जरी का निर्णय लिया गया। वहीं, जेनेटिक्स विशेषज्ञ डॉ. नीरजा गुप्ता ने ऐसी जन्मजात विकृतियों से बचाव के लिए महिलाओं को गर्भधारण से पहले फोलिक एसिड लेने की सलाह दी है।
डॉ. दीपक गुप्ता के अनुसार, भारत में हर साल 20 से 30 हजार बच्चे ‘ओपन न्यूरल ट्यूब डिफेक्ट’ के साथ पैदा होते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि खाद्य पदार्थों में फोलेट फोर्टिफिकेशन को बढ़ावा देकर इस तरह की जन्मजात विकृतियों के करीब 50 प्रतिशत मामलों को रोका जा सकता है।