Entertainment Desk: बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ की रिलीज से पहले अभिनेता यश के बच्चों ने वर्ल्ड प्रीमियर में फिल्म देखी। पर्दे पर पिता को जटायु का वध करते देख यश के बेटे यथार्व भावुक होकर रो पड़े, जिसका किस्सा सह-कलाकार साई पल्लवी ने साझा किया। वहीं फिल्म ने रिलीज से पहले ही वर्ल्डवाइड एडवांस बुकिंग में 40 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है।
बॉलीवुड की बहुचर्चित और भव्य फिल्म ‘रामायण’ 5 नवंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और साउथ सुपरस्टार यश लंकापति रावण की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म की आधिकारिक रिलीज से पहले 27 अक्टूबर को लॉस एंजिल्स स्थित एकेडमी म्यूजियम में इसका वर्ल्ड प्रीमियर आयोजित किया गया, जहां यश के बच्चों आयरा और यथार्व ने भी यह फिल्म देखी।
पिता को जटायु का वध करते देख रो पड़ा बेटा
फिल्म देखने के बाद यश ने बच्चों के अनुभव साझा करते हुए बताया कि उनके मन में कई सवाल थे। यश के अनुसार बच्चे अभी जीवन की शुरुआत में हैं और सही व्यवहार व परस्पर सम्मान की सीख ले रहे हैं। ऐसे में अपने बेटे यथार्व की प्रतिक्रिया देखकर उन्हें काफी हैरानी हुई।
फिल्म में माता सीता का किरदार निभा रहीं अभिनेत्री साई पल्लवी ने इस भावुक पल का विवरण देते हुए बताया कि जब पर्दे पर रावण द्वारा जटायु के वध का दृश्य आया, तो यथार्व रोने लगे। यथार्व ने रोते हुए अपने पिता यश से कहा कि उन्हें यह बिल्कुल अच्छा नहीं लगा कि उन्होंने उस पक्षी को मार दिया। साई पल्लवी ने कहा कि यथार्व जानता था कि यह सिर्फ उसके पिता का अभिनय है, फिर भी उसने मासूमियत से कहा कि फिल्म में भी किसी निर्दोष पक्षी को मारना गलत है।
एडवांस बुकिंग में ‘रामायण’ का दबदबा
वैश्विक स्तर पर 5 नवंबर को रिलीज होने से एक दिन पहले, 4 नवंबर को उत्तरी अमेरिका में फिल्म के पेड प्रिव्यू आयोजित किए जाएंगे। लॉस एंजिल्स में हुए प्रीमियर के बाद विदेशी बॉक्स ऑफिस पर फिल्म को जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है और महज 24 घंटों के भीतर टिकट बिक्री में 27 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
विदेशों में फिल्म की एडवांस बुकिंग 2.5 मिलियन डॉलर तक पहुंच चुकी है, जिसमें अकेले अमेरिका के पेड प्रिव्यू से 1 मिलियन डॉलर से अधिक की कमाई शामिल है। इन शानदार आंकड़ों के साथ रिलीज से पांच दिन पहले ही फिल्म ‘रामायण’ की कुल वैश्विक एडवांस बुकिंग 40 करोड़ रुपये के पार निकल चुकी है।