New Delhi News: दिग्गज अभिनेता रजा मुराद ने अपनी दिवंगत मां लियाकत जहां बेगम की 19वीं पुण्यतिथि पर उन्हें याद करते हुए सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा किया है। उन्होंने बचपन की एक तस्वीर पोस्ट कर बताया कि विपरीत परिस्थितियों में भी उनकी मां ने साहस और त्याग के साथ चारों बच्चों की परवरिश की।
दिग्गज फिल्म अभिनेता रजा मुराद ने गुरुवार को अपनी मां लियाकत जहां बेगम की 19वीं पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से बचपन की एक पुरानी तस्वीर साझा की, जिसमें उनकी मां उन्हें गोद में लिए नजर आ रही हैं। तस्वीर के साथ अभिनेता ने अपनी मां के संघर्षों और परिवार के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए एक भावुक नोट लिखा।
मां को बताया परिवार का मजबूत स्तंभ
रजा मुराद ने अपने संदेश में लिखा कि मां को खोना किसी भी संतान के लिए जीवन का सबसे बड़ा नुकसान होता है। उन्होंने अपनी मां को साहस, प्रेम और त्याग की मिसाल बताते हुए कहा कि वह पूरे परिवार का मजबूत स्तंभ थीं। अभिनेता ने लिखा कि उनकी मां ने तमाम मुश्किलों का सामना करते हुए चारों बच्चों को अच्छी परवरिश दी, समाज की बुराइयों से बचाया और हमेशा आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने अपनी पोस्ट में मां की मगफिरत के लिए दुआ करते हुए लिखा कि वह अपनी आखिरी सांस तक अपनी मां को नहीं भूल पाएंगे और उन्हें हमेशा याद रखेंगे।
कठिन दौर में भी नहीं हारी हिम्मत
रजा मुराद की मां लियाकत जहां बेगम, हिंदी सिनेमा के चर्चित चरित्र अभिनेता हामिद अली मुराद (मुराद) की पत्नी थीं। रजा मुराद अपने माता-पिता की चौथी संतान हैं और उनसे बड़ी तीन बहनें हैं। रजा मुराद के अनुसार, एक दौर ऐसा भी आया जब उनके पिता को फिल्मों में काम मिलना कम हो गया था और परिवार को आर्थिक व सामाजिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। ऐसे कठिन समय में उनकी मां ने हिम्मत बनाए रखी और संघर्ष करते हुए सभी बच्चों को अच्छी शिक्षा और संस्कार दिए।
दमदार आवाज और अभिनय से बनाई पहचान
हिंदी सिनेमा में अपनी भारी आवाज और संवाद अदायगी के लिए पहचाने जाने वाले रजा मुराद ने खलनायक और चरित्र भूमिकाओं में विशेष स्थान बनाया है। उन्होंने अपने लंबे फिल्मी करियर में ‘एक नजर’, ‘नमक हराम’, ‘प्रेम रोग’, ‘राम तेरी गंगा मैली’, ‘राम लखन’ और ‘हिना’ जैसी कई चर्चित फिल्मों में काम किया है।