Taipei News: मनोरंजन जगत से एक दुखद खबर सामने आई है। ताइवान के जाने-माने अभिनेता वांग काई का रविवार दोपहर 43 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनकी मौत की अचानक आई खबर से पूरी इंडस्ट्री और उनके प्रशंसक गहरे सदमे में हैं।
ताइवानी मीडिया के अनुसार रविवार दोपहर अभिनेता का शव उनके घर में पाया गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत मामले की जांच शुरू कर दी। अचानक हुई इस घटना से परिवार के लोग और फैंस पूरी तरह स्तब्ध हैं।
निधन से 24 घंटे पहले तक नए टीवी शो की कर रहे थे शूटिंग
इस दुखद घटना में हैरान करने वाली बात यह है कि वांग काई अपने निधन से ठीक 24 घंटे पहले तक शूटिंग कर रहे थे। वह जल्द ही एक नई टीवी सीरीज में नजर आने वाले थे। सोशल मीडिया पर उनके चाहने वाले लगातार उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
शुरुआती पुलिस जांच में घर में जबरन घुसपैठ के कोई सबूत नहीं मिले हैं। साथ ही अभिनेता के शरीर पर किसी चोट का निशान भी नहीं था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की हर पहलू से पड़ताल कर रही है।
वर्ष 2001 में की थी एक्टिंग करियर की शुरुआत
वांग काई ने वर्ष 2001 में अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। वे पिछले दो दशकों से एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में लगातार सक्रिय थे। ताइवान के साथ-साथ हांगकांग के मनोरंजन जगत में भी उनकी अदाकारी और काम की काफी सराहना की जाती थी।