Una News: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में चिंतपूर्णी थाना पुलिस ने हरियाणा रोडवेज की बस को बाउंड कर लिया है। यह कार्रवाई ट्रैफिक जाम खुलवाते समय दो बसों के बीच दबने से जान गंवाने वाले सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार के मामले में की गई है। पुलिस ने मामले की गहन तफ्तीश शुरू कर दी है।
शुक्रवार शाम को चालक हरियाणा रोडवेज की बस को लेकर चिंतपूर्णी थाने पहुंचा, जहां पुलिस ने वाहन को तुरंत अपनी कस्टडी में ले लिया। हादसे में शामिल दूसरी निजी बस को पुलिस पहले ही जब्त कर चुकी है। धर्मशाला से आई फॉरेंसिक टीम अब दोनों वाहनों का बारीकी से तकनीकी मुआयना कर साक्ष्य जुटाएगी।
डीएसपी अंब करेंगे दोनों चालकों से पूछताछ, फॉरेंसिक जांच से जुटाए जाएंगे अहम सुराग
डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि दोनों बसों को कब्जे में लेकर चालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शनिवार को दोनों चालकों को थाने में तलब कर पूछताछ की जाएगी। घटनास्थल और वाहनों की तकनीकी जांच से यह पता लगाया जाएगा कि किन परिस्थितियों में यह दर्दनाक हादसा हुआ था।
ड्यूटी के दौरान ट्रैफिक सुचारू करवाते हुए एसआई राजेश कुमार दोनों बसों के बीच फंस गए थे, जिससे उनकी दुखद मृत्यु हो गई थी। पुलिस प्रशासन ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया है। अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।