Nagercoil News: तमिलनाडु के नागरकोइल में एक महिला यूट्यूबर के घर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोरों ने घर से लगभग 118 सॉवरेन यानी 944 ग्राम सोने के जेवर चुरा लिए। पुलिस को शक है कि आरोपियों ने महिला के सोशल मीडिया वीडियो देखकर इस घटना को अंजाम दिया।
मधुमिता नाम की यह महिला यूट्यूब पर रील्स और लाइफस्टाइल वीडियो बनाती है। कुछ दिन पहले उसने घर के कैश और जेवर दिखाते हुए वीडियो पोस्ट किए थे। एक वीडियो में वह बच्चे पर नोट बरसाती और हर महीने सोना खरीदने की बात कहती दिखी थी। पुलिस इस ऑनलाइन गतिविधि की जांच कर रही है।
परिवार के बाहर जाते ही चोरों ने बोला धावा
मधुमिता अपने परिवार के साथ तिरुनेलवेली की यात्रा पर गई थी। जब परिवार वापस लौटा तो अलमारी से करीब 944 ग्राम सोने के गहने गायब थे। दक्षिण भारत में इस वजन को 118 सॉवरेन या पावन कहा जाता है। इसके बाद पीड़िता ने स्थानीय पुलिस थाने में मामले की औपचारिक शिकायत दर्ज कराई।
फॉरेंसिक टीम और सीसीटीवी फुटेज से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर सबूत जुटाए हैं। इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अधिकारी महिला के पुराने वीडियो की भी पड़ताल कर रहे हैं। घटना के बाद से हर महीने सोना खरीदने वाले वीडियो फिर वायरल हो रहे हैं।