Sirsa News: हरियाणा के सिरसा जिले के मेहुवाला गांव में एक आंगनबाड़ी वर्कर और उसके दो बच्चों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। तीनों के शव घर में बने पानी के टैंक से मिले हैं। इस दर्दनाक घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।
मृतका की पहचान सुदेश के रूप में हुई है। मृतका के भाई की शिकायत पर पुलिस ने पति संदीप के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने नए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 108 के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू की है।
सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर दी जान
घटना से जुड़ा एक दिल दहला देने वाला वीडियो भी सामने आया है। इस वीडियो में महिला अपने बच्चों को जहर पिलाती नजर आ रही है। इसके बाद उसने बच्चों को पानी के कुंड में फेंक दिया और फिर खुद भी जहर पीकर कुंड में छलांग लगा दी।
मौत से पहले महिला ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था। इसमें उसने पति की नशे की आदत और मानसिक प्रताड़ना से तंग आने की बात कही थी। परिजनों के मुताबिक, सुदेश ने 2014 में संदीप से प्रेम विवाह किया था।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
घटना के वक्त आरोपी पति घर पर नहीं था। जब वह और उसकी मां घर वापस लौटे, तब तीनों की तलाश शुरू हुई और टैंक से शव बरामद किए गए। सूचना मिलते ही भट्टू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
सब इंस्पेक्टर विजेंदर पिलानिया ने बताया कि महिला ने मरने से पहले पूरे घटनाक्रम का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड किया था। फिलहाल पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।