Hamirpur News: नादौन ब्लॉक की बटराण पंचायत में जन प्रतिनिधियों के बीच आपसी खींचतान बढ़ गई है। एक वार्ड मेंबर ने उपप्रधान पर जाति के आधार पर तंग करने का आरोप लगाया है। इसके साथ ही पंचायत सेक्रेटरी के काम पर भी सवाल उठाए हैं। मामले को लेकर बीडीओ से लिखित शिकायत की गई है।
पंचायत प्रधान शीला देवी के नेतृत्व में वार्ड मेंबर सपना देवी, रणजीत सिंह और सुरेश कुमार ने बीडीओ राजेश ठाकुर को शिकायत सौंपी। प्रतिनिधियों ने मामले की पूरी जांच करवाकर जरूरी एक्शन लेने की मांग की है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि उपप्रधान उन्हें लगातार परेशान कर रहे हैं, जिससे काम पर असर पड़ रहा है।
वार्ड सदस्य सुरेश कुमार ने डंगे के निर्माण से जुड़े फंड का मुद्दा भी मजबूती से उठाया। उनका आरोप है कि रिकॉर्ड में पेमेंट ट्रांसफर होना बताया जा रहा है, लेकिन पैसा अब तक उनके बैंक अकाउंट में नहीं आया। वहीं प्रधान शीला देवी ने कहा कि पंचायत का माहौल खराब नहीं होने दिया जाएगा और समस्या सुलझाई जाएगी।
दूसरी तरफ उपप्रधान सुशील शर्मा ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने इन आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया। उनका कहना है कि जनता ने उन्हें दोबारा सेवा का मौका दिया है और विकास कार्य ही उनकी प्राथमिकता है। सिर्फ आरोप लगाने से कोई बात साबित नहीं हो जाती, वे नियमानुसार काम कर रहे हैं।
पंचायत सेक्रेटरी स्नेहदीप ने भी अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि उनके स्तर के सभी काम तय प्रोसेस के अनुसार हो रहे हैं। बीडीओ राजेश ठाकुर ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होगी और फैक्ट्स सामने आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।