Chamba News: हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले के चुराह क्षेत्र में हुए बहुचर्चित नेगी राम ब्लाइंड मर्डर केस को सुलझाने के लिए पुलिस ने प्रयास तेज कर दिए हैं। एसपी विजय सकलानी ने खुद जुकयानी पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ एसडीपीओ सलूणी रंजन शर्मा भी मौजूद रहे।
पुलिस अधीक्षक ने घटना से जुड़े सभी साइंटिफिक और टेक्निकल साक्ष्यों की समीक्षा की। उन्होंने जांच अधिकारियों को मामले की तह तक जाकर हत्यारों को बेनकाब करने के सख्त निर्देश दिए हैं। पुलिस ने साफ किया है कि इस जघन्य हत्याकांड में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
दो आरोपी पुलिस रिमांड पर, मोबाइल फोन की कड़ियों की जांच जारी
पुलिस ने मामले में मृतक के दोस्त गोविंद और एक महिला तिमरो को हिरासत में ले रखा है। दोनों आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं और उनसे गहन पूछताछ जारी है। घटनास्थल से मिले बिना सिम वाले संदिग्ध मोबाइल फोन के कनेक्शन की भी साइबर टीम बारीकी से जांच कर रही है।
उधर, चुराह के विधायक हंसराज ने विधानसभा में इस हत्याकांड का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने सदन में घटना की क्रूरता का जिक्र करते हुए प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की। विधायक ने कहा कि साजिश के पीछे छिपे सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर न्याय सुनिश्चित किया जाए।