Sirmaur News: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में चार दिनों से लापता एक 19 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। उपमंडल मुख्यालय संगड़ाह के पास हुई इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है।
19 अगस्त से लापता था युवक, परिजनों ने दर्ज कराई थी रिपोर्ट
मृतक की शिनाख्त शुभम उर्फ हनी के तौर पर हुई है, जो 19 अगस्त से घर से लापता था। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद जब कोई सुराग नहीं मिला, तो उसकी मां ने 20 अगस्त को संगड़ाह थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। शुक्रवार को हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के समीप उसका शव मिला।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होंगे मौत के असली कारण
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके का मुआयना किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। एसपी एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस सभी एंगल्स से गहन जांच कर रही है। युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत मेडिकल जांच आने के बाद ही हो पाएगा।