Gohana News: शेयर मार्केट में बिजनेस पार्टनरशिप के नाम पर करीब 2.45 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। गोहाना निवासी शेयर ट्रेडर की शिकायत पर पुलिस ने आर्थिक अपराध शाखा की जांच के बाद आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इंस्टाग्राम पर पहचान के बाद सेबी लाइसेंस का दिया झांसा
शिकायतकर्ता ने बताया कि साल 2023 में इंस्टाग्राम के जरिए उसकी पहचान यमुनानगर निवासी महिला से हुई थी। महिला के पिता हरियाणा पुलिस से रिटायर्ड एसएचओ हैं। महिला ने खुद को बीमा कंपनी का कर्मचारी बताकर शेयर मार्केट सीखने और सेबी से लाइसेंस लेकर साथ काम करने का प्रस्ताव दिया था।
दोनों के बीच 50-50 प्रतिशत हिस्सेदारी में कारोबार शुरू करने पर सहमति बनी थी। इस भरोसे में आकर पीड़ित ने दो वर्षों के दौरान महिला को बैंक खातों के माध्यम से करीब 2.10 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए। इसके अलावा पीड़ित ने आरोपी महिला को लगभग 35 लाख रुपये नकद भी दिए थे।
पीड़ित के पैसों से खरीदी संपत्तियां, वापस मांगने पर दी धमकी
पीड़ित का आरोप है कि उसके पैसों से आरोपी ने दो प्लॉट, महंगी थार गाड़ी, ज्वेलरी और अन्य सामान खरीदा। जब पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे तो उसे झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी गई। आरोपी महिला ने पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया।
सेक्टर-17 थाना प्रभारी प्रमोद ने बताया कि पीड़ित की शिकायत और आर्थिक अपराध शाखा की जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोपी महिला के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और जल्द कार्रवाई की जाएगी।