Bilaspur News: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में कंदरौर पुल के समीप सतलुज नदी से 56 वर्षीय महिला का शव बरामद हुआ है। मृतका की पहचान मंडी जिले के चच्योट निवासी तुला देवी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मदद से मामले की जांच शुरू कर दी है।
बिलासपुर जिले में कंदरौर पुल के पास मंगलवार को सतलुज नदी के पानी में एक महिला का शव तैरता हुआ मिला। नदी में शव दिखने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय नागरिकों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों की सहायता से शव को पानी से बाहर निकाला।
मृतका की पहचान 56 वर्षीय तुला देवी, पत्नी स्वर्गीय छमारू राम के रूप में हुई है। वह मंडी जिले की चच्योट तहसील के अंतर्गत ग्राम व डाकघर शाला की रहने वाली थीं।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना किया और जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) बिलासपुर अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के निष्कर्ष आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।