Solan News: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के तहत नालागढ़ से लापता हुए 42 वर्षीय व्यक्ति का शव पंजाब की एक नहर से बरामद किया गया है। स्थानीय लोगों और पुलिस टीम की मदद से बॉडी को बाहर निकाला गया। इस दुखद घटना के बाद पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस के अनुसार नालागढ़ थाना क्षेत्र के डाडी कनिया गांव का निवासी सर्वजीत बीते 20 अगस्त से अचानक लापता हो गया था। परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे थे और पुलिस में भी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रविवार को पंजाब के मोरिंडा के पास नहर में उसका शव तैरता हुआ मिला।
बद्दी पुलिस ने शुरू की आगामी कानूनी कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया। बद्दी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अशोक वर्मा ने बताया कि लापता व्यक्ति का शव मोरिंडा नहर से बरामद हुआ है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।