New Delhi News: उत्तर-पूर्वी दिल्ली पुलिस ने महिला के कपड़े पहनकर सुनसान सड़कों पर राहगीरों से लूटपाट करने वाले गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोनू उर्फ चाइनीज और सागर शर्मा के रूप में हुई है। इनकी गिरफ्तारी से न्यू उस्मानपुर और शास्त्री पार्क इलाके में हुई लूट की दो वारदातों का खुलासा हुआ है।
उत्तर-पूर्वी दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो अनोखे तरीके से राहगीरों को अपना शिकार बनाता था। पुलिस ने प्राप्त सुरागों के आधार पर दबिश देते हुए मोनू उर्फ चाइनीज (28) और सागर शर्मा (26) नामक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इन दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद न्यू उस्मानपुर और शास्त्री पार्क थाना क्षेत्रों में हुई लूटपाट की दो घटनाओं की गुत्थी सुलझ गई है।
मदद मांगने के बहाने बनाते थे शिकार
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह वारदात को अंजाम देने के लिए तड़के सुबह का समय और सुनसान रास्तों को चुनता था। खास तौर पर यमुना खादर के आसपास के वे इलाके इनके निशाने पर रहते थे, जहां सुबह के समय लोगों की आवाजाही बेहद कम होती है।
गिरोह का मुख्य सदस्य मोनू महिलाओं के कपड़े पहनकर सड़क किनारे खड़ा हो जाता था। वह वहां से गुजरने वाली गाड़ियों को हाथ देकर रुकने का इशारा करता था। दूर से देखने पर वाहन चालकों को लगता था कि कोई महिला मुसीबत में है और मदद मांग रही है।
गाड़ी रुकते ही हमला कर छीन लेते थे सामान
इंसानियत के नाते जैसे ही कोई चालक मदद करने के लिए अपनी गाड़ी रोककर नीचे उतरता, मोनू उसे पकड़ने की कोशिश करता था। इसी दौरान झाड़ियों या अंधेरे में पहले से छिपे उसके अन्य साथी अचानक बाहर आ जाते थे।
आरोपी पीड़ित व्यक्ति के साथ मारपीट करते थे और उसके पास मौजूद नकदी, मोबाइल फोन तथा अन्य कीमती सामान लूटकर मौके से फरार हो जाते थे। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।