Gurugram News: गुरुग्राम के घाटा गांव में मतांतरण की पाठशाला मामले में पुलिस जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, नए-नए तथ्य सामने आ रहे हैं। जांच में पता चला है कि बच्चों को पढ़ाने की आड़ में मतांतरण के लिए प्रेरित करने के आरोप वाले एनजीओ पैशन मूवमेंट में दिल्ली यूनिवर्सिटी के करीब एक हजार छात्र वालिंटियर के रूप में जुड़े थे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शिकायतकर्ताओं ने एनजीओ की गतिविधियों को लेकर कई वीडियो और फुटेज पुलिस को सौंपे हैं। इनमें करीब एक मिनट का एक वीडियो सबसे अहम माना जा रहा है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, यह वीडियो एनजीओ संचालक डॉ पीटर मलकर का है, जो वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से किसी संस्था या व्यक्ति को अपने एनजीओ के बारे में जानकारी दे रहा है।
वीडियो में संचालक के दावे
वीडियो में संचालक खुद कह रहा है कि दिल्ली विश्वविद्यालय के करीब एक हजार छात्र उसके एनजीओ के वालिंटियर हैं और वह उसके कार्यक्रमों में आते रहते हैं। वीडियो में सबसे गंभीर दावा यह है कि संचालक अपने वालिंटियर को यह निर्देश देता है कि बच्चों की पाठशाला के दौरान रीति में परमेश्वर के सामर्थ्य का भी प्रचार करें। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि बच्चों के लिए चलाई जा रही पाठशाला में सामान्य शिक्षा के साथ-साथ धार्मिक प्रचार भी किया जा रहा था।
वीडियो फुटेज की हो रही जांच
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सौंपे गए वीडियो और फुटेज की प्रामाणिकता की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि यह वीडियो कब का है, कितने दिन पुराना है, इसकी लोकेशन क्या है और इसे किस संदर्भ में बनाया गया था। साथ ही वीडियो में किए गए दावों की पुष्टि के लिए दिल्ली के छात्रों और अन्य लोगों से भी पूछताछ की संभावना पर विचार किया जा रहा है।
14 नवंबर को हुआ था पर्दाफाश
गांव घाटा में संचालित मतांतरण की पाठशाला का 14 नवंबर को गुरुग्राम पुलिस ने पर्दाफाश किया था। इस दौरान चार महिलाओं को पकड़ा गया था। उनसे पूछताछ में बुधवार को दिल्ली के बुराड़ी क्षेत्र से एनजीओ का कामकाज संभालने वाले आरोपित प्रबीन को गिरफ्तार किया गया। तीन दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई और आरोपित को शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।