Mandi News: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में महिला सुरक्षा से जुड़ा मामला सामने आया है। सुंदरनगर के सलाह क्षेत्र में वीरवार रात मां के साथ सैर कर रही एक युवती से अभद्र व्यवहार हुआ। पीड़ित पक्ष ने तुरंत डीएसपी सुंदरनगर से संपर्क कर मामले में निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है।
जानकारी के मुताबिक यह घटना वीरवार रात करीब 9 बजे जवाहर पार्क के पास हुई। पीड़िता रोजाना की तरह अपनी मां के साथ सड़क पर टहल रही थी। तभी पीछे से आए एक अज्ञात व्यक्ति ने उसके साथ अभद्र हरकत की। परिजनों के विरोध जताने पर आरोपी तुरंत भाग निकला।
सीसीटीवी कैमरों की मदद से संदिग्ध की तलाश में जुटी पुलिस
शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपी डिलीवरी स्टोर के सामने से ग्राउंड की तरफ भागा। इसके बाद वह डीएवी स्कूल की दिशा में फरार हो गया। पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने सफेद शर्ट पहनी थी और उसके पास एक बैग भी था। आसपास के कैमरों में संदिग्ध की फुटेज दर्ज हो सकती है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सुंदरनगर पुलिस जांच में जुट गई है। डीएसपी भारत भूषण ने पुष्टि की है कि पीड़िता की शिकायत दर्ज कर ली गई है। पुलिस की टीम घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की पहचान जल्द से जल्द की जा सके।