Mandi News: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सुंदरनगर क्षेत्र में एक महिला ने घर में घुसकर दुष्कर्म करने, लाखों के गहने चुराने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पीड़ित महिला ने पुलिस को सौंपी शिकायत में बताया कि घटना 3 और 4 अगस्त की रात की है। एक आरोपी व्यक्ति जबरन उसके घर में घुस आया और उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने पीड़िता और उसके पति को शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
शिकायत के अनुसार, आरोपी जाते समय अलमारी में रखे 5 तोले सोने के गहने भी चुरा ले गया। चोरी हुए इन आभूषणों की कुल कीमत लगभग 5 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा पीड़िता ने अपनी जेठानी पर भी खुद को और अपने पति को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
सुंदरनगर के डीएसपी भारत भूषण ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करवा दिया है और मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।