लखनऊ में डिजिटल अरेस्ट का खौफनाक मामला: बुजुर्ग दंपत्ति को 18 दिन तक बंधक बनाकर ठगे 42 लाख रुपये

Share

- Advertisement -

Lucknow News: राजधानी लखनऊ के लालबाग क्षेत्र में साइबर ठगों ने 70 वर्षीय रिटायर्ड एफसीआई कर्मचारी और उनकी पत्नी से करीब 42.09 लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों ने खुद को एटीएस, एनआईए और सीबीआई अधिकारी बताकर आतंकी केस में फंसाने की धमकी दी। उन्होंने बुजुर्ग दंपत्ति को 18 दिनों तक व्हाट्सऐप पर डिजिटल अरेस्ट रखा।

पीड़ित अंसार जमाल अब्बासी को 23 जुलाई को अनजान नंबर से कॉल आई थी। कॉलर ने दावा किया कि पुलवामा हमले से जुड़े आतंकियों के पास पीड़ित के नाम का सिम और बैंक कार्ड मिला है। इसके बाद बुजुर्ग और दिव्यांग होने का हवाला देकर ठगों ने उन्हें घर पर ही हाउस अरेस्ट करने का डर दिखाया।

व्हाट्सऐप वीडियो कॉल पर निगरानी और फर्जी जज के नाम पर जालसाजी

आरोपियों ने दंपत्ति को 24 घंटे वीडियो कॉल चालू रखने और किसी रिश्तेदार से संपर्क न करने की धमकी दी। बात न मानने पर सीधे सात साल की जेल का डर दिखाया गया। इस दौरान पुणे एटीएस का फर्जी अफसर बनकर ठगों ने दंपत्ति के बैंक खातों, एफडी और जेवरों की पूरी जानकारी हासिल कर ली।

अगले दिन 24 जुलाई को ठगों ने सीबीआई अफसर और हाईकोर्ट के जज से बात कराने का झूठा नाटक किया। उन्होंने केस से नाम हटाने और बेल दिलाने के नाम पर आरटीजीएस से पैसे ट्रांसफर करवाए। दंपत्ति ने डर के माहौल में 18 दिनों के दौरान छह किस्तों में कुल 42.09 लाख रुपये भेज दिए।

साइबर क्राइम पुलिस ने दर्ज किया केस, बैंक खातों की जांच शुरू

ठगों की तरफ से कोई रिलीफ न मिलने पर बुजुर्ग को धोखाधड़ी का अहसास हुआ और उन्होंने साइबर थाने में शिकायत दी। साइबर क्राइम इंस्पेक्टर आलोक राव ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस संदिग्ध बैंक खातों और ट्रांजैक्शन की पूरी चेन खंगाल रही है ताकि गिरोह को जल्द पकड़ा जा सके।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News