शहजाद भट्टी आतंकी नेटवर्क पर सुरक्षा एजेंसियों का बड़ा प्रहार, 14 राज्यों से 253 संदिग्ध हिरासत में लिए गए

Share

- Advertisement -

Delhi News: स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले सुरक्षा एजेंसियों ने पाकिस्तान में बैठे गैंगस्टर से आतंकी बने शहजाद भट्टी के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। 12 अगस्त को देश के 14 राज्यों में एक साथ छापेमारी कर 253 लोगों को हिरासत में लिया गया। इस पूरे नेटवर्क पर अब तक 80 से ज्यादा एफआईआर दर्ज हुई हैं और 200 से अधिक गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।

देशभर में हुई इस व्यापक कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य 15 अगस्त के दौरान किसी भी संभावित आतंकी घटना को रोकना था। 12 अगस्त को पकड़े गए 253 संदिग्धों में सबसे अधिक 62 लोग उत्तर प्रदेश से पकड़े गए। इसके बाद हरियाणा से 52, दिल्ली से 51 और पंजाब से 44 लोग हिरासत में लिए गए। इन चार राज्यों का हिस्सा कुल आंकड़ों का 83 फीसदी है।

हालांकि हिरासत में लिए गए सभी 253 लोगों की उम्र की आधिकारिक सूची सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन जांच में सामने आए आरोपियों से नेटवर्क के युवा चेहरे का पता चलता है। जून में राजस्थान से पकड़े गए कृष राय की उम्र 20 साल थी। उस पर हनुमानगढ़ और रायसिंहनगर पुलिस स्टेशनों की लोकेशन भट्टी को भेजने का आरोप लगा था।

इसके अलावा मार्च में जसवंत कुमार और अप्रैल में सुनील कुमार को पकड़ा गया, जिनकी उम्र 29 साल थी। अप्रैल में उत्तराखंड एसटीएफ ने 29 साल के विक्रांत कश्यप को संवेदनशील ठिकानों की जानकारी भेजने के आरोप में पकड़ा। दिल्ली में मार्च में 18 साल के हरमनदीप सिंह को भट्टी से जुड़े मॉड्यूल के तहत गिरफ्तार किया गया था। जांच से पता चलता है कि 18 से 38 साल तक के युवा इसमें शामिल थे।

इस आतंकी सिंडिकेट में युवाओं की भर्ती का तरीका काफी शातिराना था। भट्टी इंस्टाग्राम और फेसबुक पर काफी सक्रिय था और पोस्ट पर लाइक करने वाले युवाओं को निशाना बनाता था। शुरुआत में 5 से 10 हजार रुपये का लालच देकर सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर लगवाने जैसे छोटे काम दिए जाते थे। इसके बाद उनसे गंभीर वारदातें कराई जाती थीं।

भर्ती किए गए युवाओं से पुलिस स्टेशन, रेलवे स्टेशन, एयरबेस और प्रमुख सड़कों की रेकी कराई जाती थी। उनसे सीसीटीवी कैमरे लगवाकर वीडियो पाकिस्तान भेजे जाते थे। कुछ मामलों में पेट्रोल बम, आईईडी बनाने का ऑनलाइन मैनुअल भेजकर उन्हें ग्रेनेड फेंकने के लिए तैयार किया जाता था। जांच एजेंसियों ने लगातार कड़ी मेहनत कर इस खतरनाक मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है।

इस बड़े नेटवर्क को ध्वस्त करने में एनआईए, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और राज्यों की पुलिस ने अहम भूमिका निभाई। एनआईए ने भट्टी से जुड़े तीन बड़े मामलों की जांच की, जिसमें जालंधर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर रोजर संधू के घर पर ग्रेनेड हमला, सिरसा महिला पुलिस स्टेशन में विस्फोट और अंबाला के बलदेव नगर पुलिस स्टेशन में कार-बम धमाका शामिल है।

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने हथियार और ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क पर करारी चोट की। जून में सात आरोपियों को पकड़कर हथियार, कारतूस और संवेदनशील इलाकों की रेकी के वीडियो जब्त किए गए। वहीं उत्तराखंड एसटीएफ और यूपी एटीएस ने रियल-टाइम इंटेलिजेंस शेयरिंग सिस्टम के जरिए अलग-अलग इनपुट को जोड़कर एक साथ इस सफल ऑपरेशन को अंजाम दिया।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News